देहरादून, उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के राज्यपाल रह चुके श्री भगत सिंह कोश्यारी ने आज दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र का सामान्य तौर पर अवलोकन किया। उन्होंने पुस्तकालय में संग्रहित पुस्तकों,संदर्भ कक्ष , कम्प्यूटर कक्ष,युवा पाठकों के अध्ययन कक्षों और शोध एवं प्रकाशन प्रखंड के साथ ही लोक संग्रहालय में रखी अनेक दुर्लभ व परम्परागत सामग्रियां देखीं। इससे पूर्व दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के संस्थापक निदेशक व वर्तमान सलाहकार प्रोफ़ेसर बी.के.जोशी के साथ श्री कोश्यारी ने उत्तराखंड के सामाजिक-आर्थिक,इतिहास व संस्कृति से जुड़े विषयों पर देर तक शिष्टाचार रूप में बातचीत की। प्रोफ़ेसर जोशी ने उन्हें संस्थान का परिचय, उद्देश्य पर जानकारी देते हुए बताया कि आम पाठकों, युवा पाठकों, साहित्यकारों व शोध अध्ययन करने वाले जिज्ञासु अध्येताओं के लिए पुस्तकालय की ओर से निरन्तर अकादमिक क्रियाकलापों पर कार्य के प्रयास किये जा रहे हैं। श्री भगत सिंह कोश्यारी ने दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र की भूमिका और उसके द्वारा किये जा रहे प्रयासों पर संतोष व्यक्त करते हुए इसकी सराहना की।उन्होंने इस संस्थान की मूल अवधारणा को मूर्त रूप देने में प्रोफेसर बी.के. जोशी के योगदान की सराहना कि और कहा कि दून पुस्तकालय ने देहरादून शहर व उत्तराखण्ड प्रदेश में अकादमिक धरोहर के रूप में अपनी अलग पहचान बना ली है। बातचीत के दौरान पुरात्वविद व इतिहासकार प्रो.महेश्वर प्रसाद जोशी व प्रोग्राम एसोसिएट चन्द्रशेखर तिवारी भी मौजूद थे। दून पुस्तकालय के श्री सुंदर सिंह बिष्ट, जगदीश सिंह महर व मधन सिंह बिष्ट भी अवलोकन के दौरान उपस्थित थे।
कांग्रेस नेता ने फिर थामा भाजपा का दामन, शैलेंद्र रावत ने की घर वापसी
देहरादून, इधर कांग्रेस की जनसभा और दूसरी ओर कोटद्वार के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता शैलेंद्र रावत ने 12 साल बाद अपने समर्थकों सहित भाजपा में घर वापसी कर ली है। रविवार को यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में रावत के अलावा गढ़वाल मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में जनाधार रखने वाले कई नेताओं और निकाय व पंचायत प्रतिनिधियों ने भाजपा का दामन थामा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रतिनिधि के रूप में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल ने इन सभी का भाजपा में स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। भाजपा का दावा है कि कार्यक्रम में कांग्रेस समेत विभिन्न दलों के लगभग ढाई हजार कार्यकर्ता पार्टी में शामिल हुए।
वहीं भाजपा ने राज्य में लोकसभा की प्रत्येक सीट पर इस बार पांच लाख से ज्यादा मतों के अंतर से जीत का लक्ष्य रखा है।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस समेत अन्य दलों के लोग भाजपा में शामिल हुए। इनमें पूर्व विधायक शैलेंद्र रावत का नाम प्रमुख है। वह वर्ष 2012 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में चले गए थे। अब उन्होंने घर वापसी की है। उनके अलावा विधानसभा की केदारनाथ सीट से दो बार निर्दलीय चुनाव लड़ चुके कुलदीप सिंह रावत, पूर्व मंत्री मातबर सिंह कंडारी के पुत्र राजेश कंडारी, देवप्रयाग नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष कृष्णकांत कोटियाल, पूर्व ब्लाक प्रमुख जयपाल पंवार, रुद्रप्रयाग जिला पंचायत के उपाध्यक्ष सुमंत तिवारी के साथ ही पुरोला, घनसाली, टिहरी, देवप्रयाग, रुद्रप्रयाग, कोटद्वार क्षेत्र से विभिन्न दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
‘हमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों को मजबूत करना है’
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि आज देश का राजनीतिक माहौल भाजपामय है, जिसे लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत में तब्दील कर हमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों को मजबूत करना है। उन्होंने सभी से पार्टी के मिशन में जुटने की अपील की और कहा कि प्रदेश भाजपा का संरक्षक होने के नाते वह सबके सम्मान और भावनाओं का ख्याल रखेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में उत्तराखंड विकास की नई गाथाएं लिख रहा है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पार्टी की सदस्यता लेने वालों का यह दृश्य बताने को काफी है कि लोकसभा चुनाव में इस बार भाजपा 400 से ज्यादा सीटें जीतेगी।
इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल ने कहा कि भाजपा परिवारवाद की नहीं, परिवारभाव से चलने वाली पार्टी है। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने किया। इस अवसर पर विधायक शक्तिलाल शाह, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट व नीरू देवी, प्रदेश कार्यालय सचिव कौस्तुभानंद जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, दायित्वधारी राजकुमार आदि मौजूद थे।
कांग्रेस ने देहरादून से किया चुनावी शंखनाद : भाजपा के लोग मोदी को विष्णु का 11वां अवतार बनाने में लगे हैं : खड़गे
‘राहुल गांधी की वजह से आज-कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नींद नहीं आती है’
देहरादून, देश में लोकसभा चुनाव की तारीख बस किसी भी समय घोषित हो सकती है, ऐसे में अभी से चुनावी सभाओं का सिलसिला शुरू हो गया, आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने देहरादून में कहा कि राहुल गांधी की वजह से आज-कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नींद नहीं आती है।
लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच खड़गे उत्तराखंड पहुंचे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा की केन्द्र और राज्य सरकार जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश के लिए कुर्बानियां दी हैं और भाजपा देश को लूट रही है।
कार्यकर्ता सम्मेलन में मंच पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खड़गे का कटार देकर स्वागत किया।
खड़के ने कहा कि अब तो हवाई यात्रा के लिए भी मोदी जी की परमिशन लेनी पड़ती है और लैंडिंग के लिए भी परमिशन लेनी पड़ती है। यह लोग (भाजपा) कांग्रेस नेताओं को सताते हैं। बीजेपी की सरकार में विपक्ष के नेताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। खड़गे ने सभा में देरी से आने पर माफी मांगी।
खड़गे ने कहा कि धर्म अलग होता है, राज करने की जगह अलग होती है। सुबह अपने गुरुजन का चेहरा नहीं देख पाते, लेकिन जब टीवी खोलते हैं तो मोदी जी का चेहरा देखने को मिलता है। भाजपा सिर्फ झूठ बोलती हैं, झूठ का मायाजाल बुनती है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के सपने में नेहरू जी, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी आते हैं। राहुल गांधी तो पीएम मोदी को सोने नहीं दे रहे हैं। देश के लिए इंदिरा गांधी ने जान दी, राजीव गांधी ने जान दी। नेहरू जी, महात्मा गांधी देश की आजादी के लिए कई साल जेल में रहे। बीजेपी के लोगों ने क्या किया है। यह लोग डर रहे हैं।
खड़गे ने असम में भारत जोड़ा यात्रा पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक राहुल गांधी ने पहली यात्रा निकाली, कहीं कोई गड़बड़ी नहीं हुई। इस बार असम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हमला किया गया, गाड़ियों पर पत्थर मारे गए। बीजेपी के शासन वाले राज्य में पत्थर मारे गए, बैनर-पोस्टर फाड़े गए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने अंकिता भंडारी का जिक्र करते हुए कहा कि दोषियों को आज तक सजा क्यों नहीं मिल पाई, साथ ही जोशीमठ आपदा का भी जिक्र किया। खड़गे ने केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना पर भी सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा है कि देश का विकास सिर्फ कांग्रेस ने किया है। भाजपा देश को बांटने का काम कर रही है। देश को लूटने का काम किया जा रहा है।
दून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जुटने का सिलसिला सुबह 10 बजे से शुरू हो गया था, उत्तराखंड की महिलाएं पारंपरिक चुन्नी ओढ़कर खड़गे के कार्यक्रम में पहुंची थी। लोग हाथ में बैनर-पोस्टर और कांग्रेस का झंडा लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे। इस दौरान कार्यकर्ता सम्मेलन में मंच पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खड़गे का कटार देकर स्वागत किया।
हेलीकॉप्टर तक को उतरने की इजाजत नहीं दे रही भाजपा सरकार : खड़गे
उत्तराखंड में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने लोकसभा का चुनावी बिगुल फूंक दिया है। देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में मल्लिकार्जुन खडगे ने देहरादून में विराट कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत की। इस दौरान उन्होने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने अपने संबोधन की शुरूआत में ही देरी के लिए कार्यकर्ताओं और जनता से माफी मांगते हुए कटाक्ष किया कि बीजेपी सरकार में कांग्रेस के हेलीकॉप्टर तक को उतरने की इजाजत नहीं दी जा रही है। बीजेपी सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्पीडन कर रही है। कभी राहुल गांधी की न्याय यात्रा में व्यवधान उत्पन कर रही है और अब कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन को बाधित करने की कोशिश बीजेपी ने की है।
पार्टी के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ : हरीश रावत
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि मल्लिकार्जुन खडगे के संबोधन से पार्टी के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। 2024 में जनता भाजपा को सबक सिखाने जा रही है। कांग्रेस का दावा है कि ये रैली ऐतिहासिक हुई है। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मंच से कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, इसी दौरान लोग निकलने लगे जिससे और अधिक कुर्सियां खाली हो गई। इस प्रकरण पर उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापडी ने कहा कि समय ज्यादा होने के चलते दूर-दूर से आए लोग जाने लगे। जिससे कुर्सियां खाली हो गई।
वहीं एक दिन पहले खड़गे की रैली को लेकर काफी विवाद हुआ है। पहले रैली स्थल को लेकर फिर कांग्रेसियों ने खड़गे के हैलीकॉप्टर को पुलिस लाइन में उतारने की परमिशन न मिलने पर जमकर हंगामा काटा। हालांकि सीएम ने इस मामले को खुद संज्ञान में लेकर शांत कराया।
मल्लिकार्जुन खड़गे के दून दौरे से पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में नया जोश देखने को मिला है।
समाजसेवी लीलानंद लखेड़ा स्मृति वॉलीबॉल प्रतियोगिता का खिताब तंलाई को
पौड़ी गढ़वाल, रिखणीखाल समाजसेवी लीलानंद लखेड़ा स्मृति वालीबाल प्रतियोगिता का खिताब तंलाई टीम ने जीता , 5 सैट तक चले संघर्ष पूर्ण मुकाबले में तंलाई की टीम ने करत्रिया को 25-27, 23-25, 25-16,25-22,15-11 से हराया , प्रतियोगिता में क्षेत्र की 20 टीमों ने भाग लिया ! तीन दिन तक चले इस आयोजन को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कालेज सिद्धखाल के प्रांगण में आयोजित किया गया ! प्रतियोगिताओं में आकर्षक पुरुष्कार विजेता एवं उपविजेता टीमो को मुख्य अथिति कु शालिनी बलोधी द्वारा प्रदान किये गए प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी विवेक पोखरियाल को घोषित किया गया ! समाजसेवी लीलानंद लखेड़ा स्मृति जनकल्याण समति कलीगाड द्वारा इस प्रतियोगिता का आयोजन हर वर्ष किया जाता है ताकि इस क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के खेल कौशल को निखारा जा सके !
प्रतियोगिता के संयोजक दीनबंधु बलोधी ने बताया कि इस दौरान छात्र छत्राओं के बौद्धिक परीक्षण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसमें 6 स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया इस अवसर पर दिव्यांगजनो को राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण कल्याण समिति देहरादून द्वारा उपकरण भी भेंट किये गए ! तीन दिन तक चले इस कार्यक्रम में
समिति के अध्यक्ष राकेश देवरानी उपाध्यक्ष जयकृष्ण लखेड़ा एवं सचिव महिमानंद ध्यानी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य दीनबन्धु बलोधी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे !
मिस्टर एंड मिस उत्तराखंड के 8वें संस्करण का फर्स्ट लुक हुआ आयोजित
देहरादून, हिमालयन बज़ और धर्मा क्रिएशन्स द्वारा मिस्टर एंड मिस उत्तराखंड के 8वें संस्करण के फर्स्ट लुक का आज भव्य आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम का आयोजन डियाब्लो में हुआ, और इसमें कुल 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया जिनमें उत्तराखंड के विभिन्न कोनों से आए प्रतियोगी और विभिन्न शहरों में रहने वाले उत्तराखंडी शामिल रहे।
समावेशिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम में, आयोजक अनिरुद्ध बडोला ने विविधता के प्रति प्रतियोगिता की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए कहा, “इस वर्ष, हम भेदभावपूर्ण मानदंडों को खत्म करते हुए सभी आकार और प्रकार के पुरुषों और महिलाओं का स्वागत करके समावेशिता लाने का प्रयास कर रहे हैं। मिस्टर एंड मिस उत्तराखंड उन युवाओं के लिए एक मंच है जो अपना आत्मविश्वास बढ़ाने और अपने व्यक्तित्व को निखारने की इच्छा रखते हैं।”
इस कार्यक्रम में उत्तराखंड की जीवंत भावना का प्रदर्शन देखा गया, जिसमें प्रतिभागियों ने प्रतिभा, आकर्षण और अद्वितीय व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता न केवल प्रतिभागियों की शारीरिक विशेषताओं को प्रदर्शित करने बल्कि उनकी आत्मविश्वास, बुद्धिमत्ता और करिश्मा को भी प्रदर्शित करने के लिए एक उत्प्रेरक रही है।
मिस्टर एंड मिस उत्तराखंड का ग्रैंड फिनाले मार्च 2024 में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर डियाब्लो से अमन शंकर और जया सक्सेना, सेंट जोन्स से नितिन गेरा और अर्बन मनी से मोहित शर्मा उपस्थित रहे।
उत्तराखंड जनजातीय महोत्सव के दूसरे दिन गायिका प्रियंका मेहर ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
देहरादून, राज्य जनजातीय शोध संस्थान द्वारा आयोजित उत्तराखंड राज्य जनजातीय महोत्सव के दूसरे दिन प्रसिद्ध उत्तराखंड गायिका प्रियंका मेहर की मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुति देखी गई। परेड ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम में दर्शकों ने प्रियंका के लोकप्रिय गीतों का खूब लुत्फ़ उठाया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन के दौरान, मुख्य अतिथि गणेश जोशी ने कहा, “उत्तराखंड राज्य जनजातीय महोत्सव 2024 हमारे राज्य के जनजातीय समाज को बढ़ावा देने और मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। प्रदर्शनी के दौरान लगाए गए विभिन्न स्टॉल, और प्रतिभाशाली प्रतिभागियों द्वारा कई मनमोहक प्रदर्शनों के माध्यम से हमारे देश की समृद्ध और विविध आदिवासी संस्कृति को यहाँ खूबसूरती से चित्रित किया जा रहा।”
चल रहे इस तीन दिवसीय महोत्सव, जो की कल समाप्त होने वाला है, में लगा ट्रेड फेयर सैकड़ों लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। आगंतुकों ने विविध प्रकार के जैविक उत्पादों, उत्कृष्ट हस्तशिल्प जैसे जूट बैग और सजावट की वस्तुओं का आनंद लिया और उत्तराखंड के प्रामाणिक स्थानीय व्यंजनों का लुत्फ़ उठाया।
कार्यक्रम के बारे में अपनी अंतर्दृष्टि साझा करते हुए, टीआरआई उत्तराखंड के निदेशक, एसएस टोलिया ने कहा, “उत्तराखंड राज्य जनजातीय महोत्सव हमारी जनजातीय संस्कृति के उत्सव के रूप में काम करता है, और गर्व और एकता की भावना को बढ़ावा देता है। पारंपरिक शिल्प, स्वादिष्ट व्यंजनों का मिश्रण और प्रियंका मेहर जैसे कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुति वास्तव में इस कार्यक्रम को एक अनूठा और अविस्मरणीय अनुभव बनाती है।”
इस अवसर पर बोलते हुए, टीआरआई उत्तराखंड के समन्वयक, राजीव कुमार सोलंकी ने कहा, “हम उत्तराखंड राज्य जनजातीय महोत्सव के लिए जबरदस्त प्रतिक्रिया देखकर बेहद प्रसन्न हैं। प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने हमारे राज्य की समृद्ध विरासत को सहजता से प्रदर्शित किया है, और यहाँ कारीगरों और कलाकारों दोनों को उभरने के लिए एक मंच प्रदान किया गया है।”
इस अवसर पर टीआरआई उत्तराखंड के अतिरिक्त निदेशक, योगेन्द्र रावत और उत्तराखंड के समाज कल्याण सचिव, बी के संत सहित अन्य उपस्थित रहे।
टैक्सी चालकों की हड़ताल, रोडवेज ने बढ़ाई 12 बसें
हल्द्वानी(आरएनएस)। टैक्सी चालकों की हड़ताल होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानीयो का सामना करना पड़ रहा है। जिस कारण रोडवेज की ओर से बस सेवाएं बड़ा दी गई हैं। जहॉं सामान्य तौर पर नैनीताल हल्दवानी मार्ग पर रोज़ाना रोडवेज़ की बसे 38 चक्कर लगाती थी वहीं टैक्सी चालकों की हड़ताल के बाद शनिवार को रोडवेज की 52 बसें चलाई गईं। रविवार को भी सुबह से ही यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रोडवेज ने बसों का संचालन बढ़ाया गया है।
पहली बार नैनीताल से कैंची धाम के लिए चली रोडवेज़ बस
नैनीताल में टैक्सी चालकों की हड़ताल के चलते नैनीताल से कैंची धाम जाने के लिए यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली, जिसके चलते शनिवार को नैनीताल से कैंची धाम के लिए पहली बार रोडवेज की 5 बसों का संचालन किया गया। वहीं तीन बसे नैनीताल से भीमताल के लिए भी चलाई गईं। रोडवेज के बुकिंग क्लर्क राकेश कुमार ने बताया कि यात्रियों की भीड़ को देखते हुए बसों का संचालन बढ़ाया जा रहा है। टैक्सी चालकों की हड़ताल के चलते यात्रियों को रोडवेज बस की पूरी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
सीएम धामी ने जाखन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 109 वां संस्करण सुना
देहरादून(आरएनएस)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जाखन, देहरादून में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 109 वां संस्करण सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशवासियों के ऐसे प्रयासों को सामने लाया जा रहा है,जो निस्वार्थ भावना के साथ समाज और देश को सशक्त करने का काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने आज पद्म सम्मान प्राप्तकर्ताओं का जिक्र किया। पद्म पुरस्कार पाने वाले अधिकतर लोग, अपने-अपने क्षेत्र में काफी अनूठे काम कर रहे हैं। महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में काफी तेजी से कार्य हुए हैं। इसी का परिणाम है कि आज हमारी नारी शक्ति हर क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात में आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले लोगों का जिक्र किया। उत्तराखण्ड में आयुर्वेद के क्षेत्र में अनेक संभावनाएं हैं। उत्तराखण्ड का अधिकांश भाग वनों से आच्छादित है। राज्य में आयुर्वेद के क्षेत्र में अनेक संभावनाएं हैं। आयुर्वेद की संभावनाओं को बढ़ाने के राज्य में निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक से प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से साज सेवा के लिए विशिष्ट कार्य करने और जन सरोकारों से जुड़े अभियानों में सराहनीय कार्य करने वालों को आगे लाने का कार्य किया है। इससे समाज में अन्य लोगों को भी अच्छे कार्य करने के लिए प्रेरणा मिलती है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिव्यांग बच्चों को व्हील चेयर भी प्रदान किये।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
एलएलबी की परीक्षा 3 और 7 फरवरी को रहेगी स्थगित
श्रीनगर गढ़वाल(आरएनएस)। गढ़वाल विवि की एलएलबी तृतीय बीएएलएलबी सप्तम और बीए एलएलबी नवे सेमेस्टर की 3 फरवरी और 7 फरवरी को होने वाली परीक्षा अपरिहार्य कारणों से स्थगित की गई है। गढ़वाल विवि के परीक्षा नियत्रंक डा. एचएम आजाद की ओर से जारी नोटिफिकेशन में बताया गया कि 3 फरवरी एवं 7 फरवरी को होने वाली एलएलबी तृतीय, बीएएलएलबी सप्तम और बीए एलएलबी नवे सेमेस्टर की परीक्षा अपरिहार्य कारणों से स्थगित की गई है। उन्होंने बताया कि उक्त दिवस की परीक्षाएं 26 फरवरी और 27 फरवरी को 2 बजे से 4 बजे की पाली में आयोजित की जायेगी। वहीं अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर स्थगित की गई गढ़वाल विवि की परीक्षा के लिए परीक्षा तिथि तय हो गयी है। बीकॉम प्रथम एवं पंचम सेमेस्टर की परीक्षा 3 फरवरी को आयोजित की जायेगी। जबकि बीबीए, बीसीए, बीएससी आईटी, बीए मास कॉम, एमबीए (आईबी), एमबीए (एचआर), एमबीए, बीएचएम, एमबीए (टीटीएम), एमए योगा, बीएससी योगिंग एवं डिप्लोमा योगिक, आईबीटीसी, एमसीए, एमएससी (आईटी), एमएससी(सीएएस), बीफार्मा, एमबीए (एफएम), बीटेक की मुख्य एवं बैक परीक्षा आगामी 20 फरवरी को आयोजित की जायेगी। साथ ही बीए, बीएससी प्रथम एवं पंचम सेमेस्टर की मुख्य एवं बैक परीक्षा आगामी 24 फरवरी को आयोजित की जायेगी।
मुख्यमंत्री ने रुद्रप्रयाग नारी शक्ति वंदन महोत्सव के अंतर्गत आयोजित ब्वै, ब्वारी, नौनी कौथिग में किया प्रतिभाग
अगस्त्य ऋषि की तपस्थली से सीएम धामी ने किया ₹467 करोड़ 78 लाख की योजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास*
*हज़ारों की संख्या में स्थानीय जनता ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत*
*प्रदेश में जल्द लागू होगी यूसीसी*
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जनपद रुद्रप्रयाग में नारी शक्ति वंदन महोत्सव के अंतर्गत आयोजित *ब्वै, ब्वारी, नौनी कौथिग* में किया प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ₹467 करोड़ 78 लाख की 27140 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का अवलोकन कर महिलाओं के साथ संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रुद्रप्रयाग पर्यटन विभाग की ओर से तैयार कॉफ़ी टेबल बुक का विमोचन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दुग्ध विभाग एवं सीएसआर के माध्यम से संचालित अत्याधुनिक एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद के विकास के लिए विभिन्न घोषणाएं भी की।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि
पंचप्रयागों में से एक प्रयाग होने के कारण इस भूमि का स्थान उत्तराखण्ड में ही बल्कि भारत में अति विशिष्ट है। उन्होंने कहा कि ये मेरा सौभाग्य है कि मुझे ऐसी सिद्ध भूमि पर आने और यहां मातृशक्ति को समर्पित ब्वै, ब्वारी, नौनी कौथिग कार्यक्रम के तहत जन कल्याण की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने का अवसर मिल रहा है।
मुख्यमंत्री कहा कि आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार द्वारा पूरे उत्तराखंड का विकास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि रुद्रप्रयाग जिले का सर्वांगीण विकास हो और यह क्षेत्र उन्नति के नए शिखर छुए।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी मातृशक्ति सही अर्थों में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा दिए गए आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल’’ के मंत्र को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृ शक्ति के सहयोग के बिना किसी भी समाज या किसी भी राष्ट्र का संपूर्ण विकास नहीं हो सकता।उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के दुर्गम गांव-गांव में महिलाएं सेल्फ हेल्प ग्रुप बनाकर कुटीर उद्योगों के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति प्रदान कर रही हैं। महिलाओं के पास कौशल की कभी कोई कमी नहीं रही और अब यही कौशल उनकी और उनके परिवारों की आर्थिकी को शक्ति प्रदान कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनो की इस परेशानी को समझा तो सिर्फ आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने, उनके नेतृत्वकाल में आज देशभर में करीब 23 करोड़ महिलाओं को जन धन खातों के जरिए बैंकों से जोड़ा जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देने के साथ ही मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना,मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना,लखपति दीदी योजना,मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी योजना, नंदा गौरा मातृवंदना योजना और महिला पोषण अभियान जैसी योजनाएं प्रारंभ की हैं।
उन्होंने कहा कि बतौर मुख्यसेवक “मेरा ये प्रयास रहा है कि प्रदेश की जनता के हितों के लिए जो भी आवश्यक कदम हों, बिना देरी के उठाएं जाएं।” उन्होंने कहा एक ओर जहां उत्तराखण्ड में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया, वहीं धर्मांतरण रोकने के लिए भी कानून बनाया, प्रदेश में पहली बार लैंड जिहाद के खिलाफ कार्रवाई की गई, वहीं भ्रष्टाचारियों के खिलाफ भी पहली बार कार्रवाई करने से हम पीछे नहीं हटे, इसके साथ ही हमने प्रदेश की महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था भी प्रारंभ की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार को समान नागरिक संहिता का जल्द ड्राफ्ट मिल जाएगा, जिसके बाद जल्द समान नागरिक संहिता को लागू करने की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चारधाम यात्रा ने बीते वर्ष रिकॉर्ड पार किए इस वर्ष सरकार यात्रा को और बेहतर तरीक़े से सुविधाओं को विकसित करने जा रही है। उन्होंने कहा कि हाल में प्रदेश सरकार उत्तराखण्ड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया जिसके तहत 50 देशों के निवेशकों ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में वेडिंग डेस्टिनेशन को विकसित करने के लिए भी मिशन मोड में काम कर रही है।
इस अवसर पर विधायक रुद्रप्रयाग भरत सिंह चौधरी ने मुख्यमंत्री का जनपद आगमन पर स्वागत करते हुए जनपद के विकास के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। विधायक केदारनाथ शैला रानी रावत ने श्री केदारनाथ धाम यात्रा में नया कीर्तिमान स्थापित होने पर मुख्यमंत्री धामी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धामी जी के नेतृत्व में करीब 20 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा केदारनाथ के दर्शन किए हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह ने जनपद के विकास के लिए मुख्यमंत्री द्वारा किए जा रहे कार्यों पर धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर दर्जा धारी राज्यमंत्री श्री अजेन्द्र अजय, श्री चण्डी प्रसाद भट्ट, प्रदेश गढ़वाल आयुक्त श्री विनय शंकर पांडेय,अध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती आशा नौटियाल, भाजपा ज़िलाध्यक्ष श्री महावीर पवार, ज़िलाधिकारी एवं पुलिस कप्तान मौजूद रहे।