Friday, June 20, 2025
Home Blog Page 1175

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में निशुल्क मोबाईल टैबलेट योजना शुरू की, 2 लाख 65 हजार विद्यार्थी होंगे लाभान्वित

0

राजकीय स्कूलों के 10 वीं और 12 वीं के विद्यार्थियों को मोबाइल टैबलेट के लिए 12 हजार की धनराशि डीबीटी द्वारा दी गई

देहरादून, मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज राजपुर रोड, देहरादून में निःशुल्क मोबाईल टैबलेट योजना के क्रियान्वयन हेतु आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विद्यालय की 100 छात्राओं को निःशुल्क टैबलेट प्रदान किये। शनिवार को यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी 70 विधानसभाओं में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज राजपुर रोड में ऑडिटोरियम बनाया जायेगा।
प्रदेश में लगभग 02 लाख 65 हजार विद्यार्थियों को पढ़न-पाढ़न हेतु राज्य सरकार द्वारा निःशुल्क टैबलेट खरीद हेतु प्रति विद्यार्थी को डीबीटी के माध्यम से 12 हजार रूपये की धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है। इसी क्रम में टैबलेट खरीद हेतु राजकीय स्कूलों के 10वीं, 12वीं के 1 लाख 59 हजार विद्यार्थियों को डीबीटी द्वारा धनराशि दी गई है।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोरोना काल में ऑनलाईन पढ़ाई के लिए बच्चों को पढ़ाई के लिए काफी परेशानियों को सामना करना पड़ा। बच्चों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा उनके लिए टैबलेट उपलब्ध करवाये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी वे बच्चों के बीच जाते हैं, तो उनकी बचपन की यादें ताजा हो जाती हैं। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में अपने उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए सबको समय का सदुपयोग करना होगा। उन्होंने कहा कि जीवन में जो भी कार्य करें, पूर्ण मनोयोग से करें। विकल्प रहित संकल्प के साथ सबको जीवन में आगे बढ़ना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत एक युवा देश है। देश की 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु वर्ग की है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है। भारत आत्मनिर्भर भारत बन रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शिक्षा के गुणात्मक सुधार के लिए राज्य सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। डिजिटल लर्निंग के अन्तर्गत राज्य के 500 स्कूलों में वर्चुअल कक्षाएं चलाई जा रही हैं। 600 अन्य स्कूलों में भी शीघ्र ये सेवाएं शुरू की जायेंगी। राज्य के 709 राजकीय विद्यालयों में 1418 स्मार्ट कक्षाएं स्थापित की जा रही हैं, यह कार्य 15 जनवरी 2022 तक पूर्ण कर लिया जायेगा। राज्य सरकार की ओर से सभी राजकीय विद्यालयों में कक्षा 09 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क पाठ्य पुस्तक उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। राजकीय स्कूलों में कक्षा 01 से 08 तक के विद्यार्थियों के लिए भी निःशुल्क बैग एवं जूते उपलब्ध कराये जा रहे हैं। छात्रहित में राज्य स्तरीय छात्रवृत्ति की धनराशि बढ़ाई गई है। शिवानन्द नौटियाल राज्य योग्यता छात्रवृत्ति की धनराशि को प्रतिमाह 250 रूपये से बढ़ाकर 1500 रूपये किया गया है तथा लाभार्थी विद्यार्थियों की संख्या भी 11 से बढ़ाकर 100 की गई है। श्रीदेव सुमन छात्रवृत्ति की धनराशि भी 150 रूपये से बढ़ाकर 01 हजार रूपये की गई है। मुख्यमंत्री प्रतिभा प्रोत्साहन योजना के तहत 12 वीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को 2500 रूपये की छात्रवृत्ति 05 साल तक दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों से अपील की कि कोविड के नये वेरिएंट ओमीक्रोन से बचाव के लिए सतर्कता जरूरी है। उन्होंने कहा कि कोविड एप्रोप्रिएट विहेवियर का पालन जरूर करें। कोरोना से बचाव के लिए सरकार द्वारा पूरी तैयारी की गई है, लेकिन इससे बचाव के लिए सतर्कता बहुत जरूरी है।
इस अवसर पर सचिव शिक्षा श्री आर. मीनाक्षी सुन्दरम, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आर. राजेश कुमार, शिक्षा महानिदेशक श्री वंशीधर तिवारी, माध्यमिक शिक्षा निदेशक श्रीमती सीमा जौनसारी, निदेशक एस.सी.ई.आर.टी श्री आर. के कुंवर, मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून डॉ. मुकुल कुमार सती, प्रधानाचार्या राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज राजपुर रोड श्रीमती प्रेमलता बौड़ाई, स्कूल की शिक्षिकाएं एवं छात्राएं मौजूद थे।

2027 में दूरबीन से खोजने पर भी कांग्रेस का नामोनिशान नहीं दिखायी देगा : केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी

0

देहरादून, भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेश भर में आयोजित विजय संकल्प यात्रा शनिवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। यात्रा का स्वागत स्थानीय विधायक एवं सरकार में मंत्री गणेश जोशी ने किया। विजय संकल्प यात्रा के दौरान सभा का आयोजन मसूरी विधानसभा क्षेत्र में देहरादून के न्यू कैंट रोड स्थित दून वन काम्प्लेक्स सालावाला में हुआ। यात्रा के संयोजक गणेश जोशी एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने अजगर माला से अतिथियों का स्वागत किया। यह यात्रा दिलाराम बाजार से प्रारम्भ होकर राजभवन, मुख्यमंत्री आवास, गढ़ी कैंट होते हुए ओएनजीसी चौक तक गयी।

जनसभा को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय कोयला एवं संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि 2022 भाजपा का है और अबकी बार भाजपा 60 पार के नारे को सफल बनाने पर काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के पास अपना नेता नहीं है और यह हाल न सिर्फ उत्तराखण्ड प्रदेश का है बल्कि देश के लिए भी कांग्रेस के पास कोई नेता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में दूरबीन से खोजने पर भी कांग्रेस का नामोनिशान नहीं दिखायी देगा। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि विधायक एवं प्रदेश में मंत्री गणेश जोशी के नेतृत्व में मसूरी विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। मसूरी से लेकर सहस्त्रधारा और सरोना से लेकर मिठ्ठी बेहड़ी तक पानी, बिजली, सड़कों सहित आधारभूत सुविधाओं से युक्त यह विधानसभा देश की सबसे सुन्दर विधानसभाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के निर्देशानुसार हम जिन योजनाओं का शिलान्यास करते हैं, हमारा लक्ष्य होता है कि उनका उद्घाटन भी हम ही करें। उन्होनें मोदी के शब्दों को दोहराते हुए कहा कि आना वाला दशक उत्तराखण्ड का होगा और यहां विकास की नई गाथा लिखी जाऐगी।
यात्रा संयोजक एवं सरकार में काबीना मंत्री गणेश जोशी ने यात्रा का स्वागत करते हुए उपस्थित जनता को नववर्ष की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरुप उत्तराखण्ड की युवा सरकार प्रदेश को विकास की नई दिशा दे रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह प्रदेश के विकास के लिए आगामी 10 वर्षो तक की सोच के साथ कार्य कर रहे हैं। डबल इंजन की सरकार का ही असर है कि मसूरी में हजारों करोड़ की धनराशि से कई योजनाओं पर कार्य चल रहा है। काबीना मंत्री ने राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, तरुण चुघ एवं प्रदेश अध्यक्ष का आभार जताते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि आगामी चुनावों में भाजपा की प्रचण्ड विजय की शुरुआत मसूरी विधानसभा से होगी।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखण्ड प्रभारी दुष्यंत गौतम, जिलाध्यक्ष सीताराम भट्ट, मण्डल अध्यक्ष पूनम नौटियाल, राजीव गुरुंग, महामंत्री सुरेन्द्र राणा, राहुल रावत, निरंजन डोभाल, आरएस परिहार, राष्टीय युवा मोर्चा उपाध्यक्ष नेहा जोशी, मंजीत रावत, महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष कमली भट्ट, ज्योति कोटिया, अरुणा शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष अजय राणा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक पुण्डीर, वीर सिंह, अनुज कौशल सहित सभी पार्षदगण एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

स्थाई पेंशन योजना के लिए कानून लाने की मांग, उपवास पर बैठे जिप सदस्य जगत मर्तोलिया

0

पिथौरागढ़, अंशदाई पेंशन योजना के खिलाफ नव वर्ष के पहले दिन अपने आवास पर जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने धरना प्रदर्शन किया। 4 घंटे उपवास पर बैठ कर स्थाई पेंशन योजना के लिए कानून लाने की मांग की।
कहा कि वर्ष 2022 को वह इस संघर्ष के लिए समर्पित कर रहे है।
अंशदाई पेंशन योजना के खिलाफ संपूर्ण देश में कर्मचारी संगठन आंदोलित है। उत्तराखंड में भी इस मांग को लेकर लगातार कर्मचारी संगठनों के संघर्ष हो रहे है।
जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया लंबे समय से इस मांग को विभिन्न मंचों से उठा रहे है।
आज नव वर्ष के प्रथम दिवस मटोलिया ने अपने आवास पर कोविड-19 के कारण 4 घंटे धरना देकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उनका उपवास भी जारी रहा ।
मर्तोलिया ने कहा कि आने वाले चुनाव में इस सवाल को हर मंच से उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य तथा केंद्र सरकार को स्थाई पेंशन योजना के लिए अध्यादेश लाकर अपनी मंशा स्पष्ट करनी चाहिए। अगर सरकार ऐसा नहीं करती है तो यह माना जाएगा कि वह स्थाई पेंशन योजना के पक्ष में नहीं है ।
जिला पंचायत सदस्य मर्तोलिया ने कहा कि जो राजनीतिक दल सरकार बनाने का सपना देख रहे है, उन्हें स्थाई पेंशन योजना लागू करने के लिए एक समयबद्ध घोषणा को अपने चुनावी घोषणा पत्र में शामिल करके जनता के बीच में आना चाहिए।
जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया का कहना है कि आज कर्मचारी समाज के सम्मुख अंशदाई पेंशन योजना एक अभिशाप बनकर सामने आई है। आने वाले समय में इस देश के नौजवान जो सरकारी कार्मिक बनकर अपना भविष्य सुरक्षित करना चाहते है। उनको भी इस समस्या से गुजरना पड़ेगा। मर्तोलिया का फोकस है कि समाज को अपने आने वाली पीढ़ियों के सामाजिक तथा आर्थिक सुरक्षा के लिए स्थाई पेंशन योजना के समर्थन में खुलकर आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में वे इस मांग पर विशेष फोकस करते हुए हर मंच से इस मांग को जोरदार ढंग से उठाएंगे। इसके लिए चतुर्थ श्रेणी से लेकर आईएएस अधिकारियों तथा पेरामिल्ट्री तक को लामबंद किया जायेगा।
मर्तोलिया ने कहा कि वे सामाजिक वातावरण तैयार करने के लिए विभिन्न क्रियाकलापों को आयोजित करेंगे।

अरविंद केजरीवाल 3 जनवरी को आएंगे देहरादून, विजिट पर समीक्षा बैठक

0

देहरादून, आम आदमी पार्टी के मसूरी विधानसभा कार्यालय में श्याम बोहरा जी द्वारा अरविंद केजरीवाल जी के 3 जनवरी को देहरादून विजिट पर एक समीक्षा बैठक की गई। इस समीक्षा बैठक में मसूरी विधानसभा के सभी कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियां तय की गई।

आम आदमी पार्टी के मसूरी विधानसभा प्रभारी श्याम बोहरा द्वारा अरविंद केजरीवाल जी के देहरादून विजिट पर समीक्षा बैठक की गई

मसूरी विधानसभा प्रभारी  श्याम बोहरा जी ने अपने सभी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी पूरे तन मन से आम आदमी पार्टी द्वारा तय की गई नीतियों पर चलेंगे एवं 2022 के विधानसभा चुनाव में विजय होंगे। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को जनहित के कार्यों के लिए हर वक्त तैयार रहने के लिए कहा एवं अरविंद केजरीवाल जी का 3 जनवरी के जो देहरादून का विजिट है उसमें हर तरह से सहयोग देने के लिए कहा, उन्होंने कहा कि 3 जनवरी को हम मसूरी विधानसभा क्षेत्र से अधिक से अधिक संख्या में लोगों को लेकर रैली में पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के सुदेश सैनी, कविता क्षेत्री, विनीता क्षेत्री, मधु क्षेत्री, यामिनी सिंह आले, संजय क्षेत्री, गौरव उनीयाल, दुर्गा गुरुग, रवि कार्की, महेश बोहरा, दिल कुमारी, राजेश कुमार आले,नंदा मल्ल एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दुनिया के साथ जी हां …! आपको भी ‘हैपी न्यू ईयर’

0

(पूरन चन्द्र कांडपाल)

जी हां, आपको भी ‘हैपी न्यू ईयर’, नव वर्ष की बधाई | भारत का नव वर्ष तो चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (मार्च द्वितीय सप्ताह) माना जाता है परन्तु उस दिन बहुत कम लोगों को हैपी न्यू ईयर या नव वर्ष की बधाई कहते हुए सुना गया है | हमारे देश में मुख्य तौर से प्रति वर्ष तीन नव वर्ष मनाये जाते हैं | पहला 1 जनवरी को जिसकी पूर्व संध्या 31 दिसंबर को मार्केटिंग के बड़े शोर-शराबे के साथ मनाई जाती है | 1 जनवरी का शुभकामना संदेश भी बड़े जोर-शोर से भेजा जाता है | आज भी यही हो रहा है | वाट्सैप, फेसबुक सहित सभी सोशल मीडिया में इस तरह के संदेशों का सैलाब आया है कि संभाले नहीं संभल रहा | यह नव वर्ष भारत सहित अंतरराष्ट्रीय जगत में सर्वमान्य हो चुका है |

दुनिया के साथ चलना ही पड़ता है | जो नहीं चलेगा वह पीछे रह जाएगा । कम्प्यूटर क्रान्ति इसका एक उदाहरण है | हमने माशा, रत्ती, तोला, छटांग, सेर और मन की जगह मिलि, सेंटी, डेसी,/ डेका, हेक्टो, किलो, क्विंटल और टन अपनाया है तो विश्व के साथ जनवरी 1 को नव वर्ष मानने में हिचक नहीं होनी चाहिए | घर में हमने अपने बच्चों को हिन्दी महीनों/दिनों के नाम बताने भी छोड़ दिये हैं । 29, 39, 49, 59, 69, 79, 89 और 99 को हिंदी में क्या कहते हैं, हमारे अधिकांश बच्चे नहीं जानते | अपने बच्चों से आज ही पूछ कर देखिये | हम कोई भी भाषा सीखें परन्तु अपनी मातृभाषा तो नहीं भूलें | हमारे देश का वित्त नववर्ष 1 अप्रैल से 31 मार्च तक होता है | दूसरे नव वर्ष को विक्रमी सम्वत कहते हैं जो ईसा पूर्व 57 से मनाया जता है | 2022 में वि.स. 2078 है जो 21 मार्च 2021 को आरम्भ हुआ था | तीसरा नव वर्ष साका वर्ष है जो 78 ई. से आरम्भ हुआ तथा इसका वर्तमान वर्ष 1943 है |

भारत एक संस्कृति बहुल देश है जहां कई संस्कृतियाँ एक साथ फल-फूल रहीं हैं | यहां लगभग प्रत्येक राज्य में अलग अलग समय पर नव वर्ष मनाया जाता है | अनेकता में एकता का यह एक विशिष्ट उदाहरण है | हमारे देश ‘भारत’ का नाम अंग्रेजी में ‘इंडिया’ है | कई लोग कहते हैं कि हमारे देश का नाम सिर्फ और सिर्फ ‘भारत’ होना चाहिए | पड़ोसी देशों के नाम अंग्रेजी में भी वही हैं जो वहां की अपनी भाषा में हैं | ‘इंडिया’ शब्द ‘इंडस’ से आया | ‘इंडस’ शब्द ‘ इंदु ‘ फिर ‘हिंदु’ से आया और ‘हिंदु’ शब्द ‘सिन्धु’ से आया ( इंडस रिवर अर्थात सिन्धु नदी ) | ग्रीक लोग इंडस के किनारे के लोगों को ‘इंदोई’ कहते थे |

जो भी हो यदा कदा यह प्रश्न बना रहता है कि एक देश के दो नाम क्यों ? देश में कुछ लोग ‘इंडिया’ को अमीर और ‘भारत’ को गरीब भी मानते हैं अर्थात इंडिया मतलब ‘शहरीय भारत’ और भारत मतलब ‘ग्रामीण भारत’ | हमारा देश सिर्फ ‘भारत’ ही पुकारा जाय तो अच्छा है | हमारे संविधान के आमुख में भी लिखा है “वी द पीपल आफ इंडिया दैट इज ‘भारत’…” अर्थात हम भारत के लोग… | हम भारतीय हैं, ‘वसुधैव कुटम्बकम’ हमारा विश्व दर्शन है | इसलिए सबके साथ 1 जनवरी को मुस्कराते हुए नव वर्ष की बधाई जरूर कहिये | सभी को नव वर्ष की शुभकामना । नव वर्ष के आगमन पर जब कुछ लोग आज पटाखे छोड़कर नए साल 2022 का स्वागत कर रहे थे तब देश नए ओमीक्रोन की चिंता से चिंतित था परन्तु नेताओं की चुनाव पूर्व रैलियां बदस्तूर जारी हैं। देश की सीमाओं पर डटे हुए सैनिकों एवम् सैन्य परिवारों को भी नववर्ष की शुभकामना । जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान।

नववर्ष की एक दूसरे को शुभकामना देते समय आज बहुत दुख भी होता है । दुख का कारण है कोरोना (कोविएड – 19) से हुई देश में विगत 22 महीनों में अब तक 4.81 लाख से अधिक लोगों की असामयिक मृत्यु । वर्ष 30 जनवरी 2020 को हमारे देश में इस संक्रमण का पहला केस हुआ था । इस क्रूर संक्रमण से जिनके परिजन चले गए वे उस घटना को कभी भी भूल नहीं सकेंगे क्योंकि संक्रमण के कारण परिवार के लोग जाने वाले पर हाथ भी नहीं लगा सके । विगत 22 महीनों में हमारे देश में 3.48 करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हुए जबकि पूरे विश्व में यह संख्या 28.7 करोड़ से अधिक थी जिनमें से 54.49 लाख से अधिक लोग काल कवलित हो गए । सभी दिवंगतों को विनम्र श्रद्धांजलि । हम परम पिता परमात्मा से प्रार्थना करते हैं कि सभी प्रभावित परिवारों को अपने परिजन के चले जाने के दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे । पतझड़ के बाद बसंत जरूर आता है । इसी आशा और विश्वास के साथ पुनः सभी को नववर्ष की शुभकामना । कोरोना के नए वेरिएंट ‘ ओमी क्रोन ‘ का खतरा बढ़ रहा है। वैक्सीन और मास्क रूपी कवच से स्वयं और दूसरों को बचाने में हम सबका सहयोग करना नितांत आवश्यक है।

चुनावों से पहले इलेक्टोरल बॉन्ड की 19वीं किस्त को केंद्र सरकार ने दी मंज़ूरी, आज से बिक्री शुरू

0

नई दिल्ली, सरकार ने इलेक्टोरल बॉन्ड की 19वीं किस्त जारी करने को मंजूरी दे दी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आज से 10 जनवरी तक बॉन्ड जारी किए जाएंगे। यह मंजूरी देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले दी गई है। राजनीतिक चंदे में पारदर्शिता लाने के प्रयासों के तहत राजनीतिक दलों को दिए जाने वाले नकद चंदे के विकल्प के रूप में इलेक्टोरल बॉन्ड या चुनावी बॉन्ड की व्यवस्था की गई है। वित्त मंत्रालय ने इस संबंध में दिए गए अपने एक बयान में कहा कि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) को एक जनवरी से 10 जनवरी के बीच उसकी 29 अधिकृत शाखाओं के जरिए चुनावी बॉन्ड जारी करने और उसे भुनाने के लिए अधिकृत किया गया है।

भारतीय स्टेट बैंक की ये 29 विशिष्ट शाखाएं लखनऊ, शिमला, देहरादून, कोलकाता, गुवाहाटी, चेन्नई, तिरुवनंतपुरम, पटना, नई दिल्ली, चंडीगढ़, श्रीनगर, गांधीनगर, भोपाल, रायपुर और मुंबई जैसे शहरों में मौजूद हैं। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और गोवा में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। पहले चरण के चुनावी बॉन्ड की बिक्री एक से 10 मार्च, 2018 के दौरान हुई थी। वहीं बॉन्ड की 18वीं किस्त की बिक्री 1 से 10 सितंबर 2021 को हुई थी।

बता दें कि चुनावी बॉन्ड एक वचन पत्र जैसा होता है। इसे भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की चुनिंदा शाखाओं से भारत में निगमित कोई भी भारतीय नागरिक या कंपनी द्वारा खरीदा जा सकता है। फिर नागरिक या कॉर्पोरेट अपनी पसंद के किसी भी पात्र राजनीतिक दल को इसे दान कर सकते हैं। बॉन्ड बैंक नोटों के समान होते हैं जो मांग पर वाहक को देय होते हैं और ब्याज मुक्त होते हैं। बता दें कि चुनावी बॉन्ड को वित्त विधेयक (2017) के साथ पेश किया गया था। 29 जनवरी, 2018 को नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने चुनावी बॉन्ड योजना 2018 को अधिसूचित किया है।

हैरानीजनक : पालतू बकरी ने दिया इंसान जैसी शक्ल वाले बच्चे को जन्म

0

नई दिल्ली, असाम के कछार जिले में एक हैरानीजनक मामला सामने आया है जहां एक पालतू बकरी ने इंसान जैसी शक्ल वाले बच्चे को जन्म दिया है। यह मामला जब गांव के लोगों के पता चला तो वहां भीड़ लग गई। बताया गया है कि बकरी के इस बच्चे के दो पैर और कानों के अलावा सबकुछ इंसान की तरह दिखाई दे रहा था। हालांकि, बकरी के बच्चे ने पैदा होने के आधे घंटे बाद ही दम तोड़ दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कछार जिले के गंगा नगर गांव में जैसे ही इस बारे में लोगों को पता चला तो वह हैरान रह गए। इस मामले में पशुपालक ने कहा कि जब उनकी पालतू बकरी ने बीते सोमवार को एक बच्चे को जन्म दिया तो उन्हें भरोसा नहीं हुआ। जब बकरी के बच्चे को गौर से देखा तो चेहरा बिल्कुल इंसान जैसा दिखाई दे रहा था। इस बच्चे की पूंछ भी नहीं दिखाई दे रही थी। हालांकि, बच्चे की आधे घंटे के अंदर ही मौत हो गई।

सोशल मीडिया पर भी यह तस्वीर वायरल हो गई। इस तस्वीर में देखा जा सकता है कि बकरी का बच्चा पूरी तरह से विकसित नहीं हो पाया था। हालांकि, शक्ल बिल्कुल इंसान के चेहरे की तरह दिखाई दे रही थी। गांववालों को यह लगा कि बकरी पेट में उनके किसी पूर्वज ने जन्म लिया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने पारंपरिक रीति रिवाज से अनुसार उसे दफना दिया।

खास खबर : शासन ने 46 आबकारी निरीक्षकों के किये तबादले

0

देहरादून, उत्तराखण्ड़ में इसी साल के आरंभ में विधानसभा चुनाव होने हैं, विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच शासन ने 46 आबकारी निरीक्षकों के तबादले कर दिये गये है। ये तबादले आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर किये गये हैं।

SBI एटीएम से लेन-देन के लिए बदले नियम, जान लीजिए नया तरीका

0

नई दिल्लीः देश का सबसे बड़ा भारतीय स्टेट बैंक(एसबीआई) आये दिन अपने खाताधारकों के लिए नए-नए ऑफर व नियम बदला रहता है। इस बीच अगर आपका अकाउंट एसबीआई में है तो फिर यह खबर आपके बहुत काम आने वाली है, क्योंकि इसके एटीएम से कैश निकासी के नियमों में बदलाव हो गया है। एसबीआई ने एटीएम से लेन-देन को सुरक्षित करने के लिए यह कदम उठाया है। अगर आप एसबीआई के एटीएम से पैसे निकालते हैं तो OTP जरूरी डालना होगा। इस नए नियम में ग्राहक बिना ओटीपी के कैश की निकासी नहीं कर पाएंगे। ऐसे में अगर आपको इस बात की जानकारी नहीं है तो इसे अच्छे से जान लें, नहीं तो आपका पैसा फंस सकता है।

 

इस बात की जानकारी एसबीआई बैंक के एक ट्वीट के जरिए दी गई है। बता दें, एटीएम से 10 हजार रुपये से ज्यादा की निकासी के लिए एक ओटीपी की मदद लेनी होगी। यह ओटीपी आपके रजिस्टर्ड मोबाइल पर भेजा जाएगा। इसके बाद आपको इसका इस्तेमाल करना होगा। जानिए सबकुछ

 

– SBI ATM से पैसे निकालने के लिए आपको OTP की आवश्यकता होगी। – इसके लिए आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी भेजा जाएगा।

 

– यह ओटीपी चार अंकों का होगा जो ग्राहक को एक ट्रांजैक्शन के लिए मिलेगा।

 

– एक बार जब आप वह राशि दर्ज कर लेते हैं जिसे आप निकालना चाहते हैं, तो आपको एटीएम स्क्रीन पर ओटीपी दर्ज करने के लिए कहा जाएगा।

 

– नकद निकासी के लिए आपको इस स्क्रीन में बैंक के साथ पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करना होगा।
जानिए बैंक ने क्यों बदला नियम

 

ग्राहकों को ठगी से बचाने के लिए बैंक ने यह कदम उठाया है। बैंक को लगातार धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतें मिल रही हैं। SBI के पास भारत में 71,705 BC आउटलेट्स के साथ 22,224 शाखाओं और 63,906 एटीएम का सबसे बड़ा नेटवर्क है।

e-shram कार्डधारकों को हर महीने मिलेंगे 500-500 रुपये! ये भी होंगे फायदे

0

e shram card latest news : केंद्र की मोदी सरकार की ओर से 4 माह पहले लॉन्च किए गए ई-श्रम पोर्टल पर करोड़ों श्रमिकों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है. अब तक ई-श्रम पोर्टल पर 17.46 करोड़ से अधिक श्रमिक रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं. इस पोर्टल में सबसे अधिक पंजीकरण करने वाले युवा श्रमिक हैं.

अगर आप ई श्रमिक पोर्टल पर 31 दिसंबर तक रजिस्ट्रेशन कर लेंगे तो आपका कई योजनाओं को लाभ मिलेगा. हालांकि, पोर्टल काफी व्यस्त है, इसलिए आवेदन करने में समय लग रहा है.

अगर राज्यों की बात करें तो उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की ओर से श्रमिकों को हर माह 500 रुपये देने का ऐलान करने के बाद रजिस्ट्रेशन में तेजी आ गई है. यूपी में अबतक ई-श्रमिक कार्ड बनवाने वालों की संख्या 5 करोड़ 72 लाख से अधिक हो गई है. दूसरे नंबर पर पश्चिम बंगाल 2.33 करोड़ श्रमिकों के साथ है, जबकि बिहार तीसरे नंबर पर चौथे पर ओडिशा है.

कौन बनवा सकत है ई-श्रमिक कार्ड

ट्यूटर, सफाई कर्मचारी, गार्ड, घर का नौकर-नौकरानी (काम वाली बाई), खाना बनाने वाली बाई (कुक), ब्यूटी पार्लर की वर्कर, नाई, मोची, दर्ज़ी, बढ़ई , प्लम्बर, बिजली वाला (इलेक्ट्रीशियन), पोताई वाला (पेंटर), टाइल्स वाला, हर दुकान का नौकर/सेल्समैन/हेल्पर, ऑटो चालक, ड्राइवर, पंचर बनाने वाला, सभी पशुपालक, पेपर का हॉकर, चरवाहा, डेयरी वाले, जोमैटो स्विगी के डिलीवरी बॉय, अमेज़न फ्लिपकार्ट के डिलीवरी बॉय (कूरियर वाले), वेल्डिंग वाला, खेती वाले मज़दूर, नरेगा मज़दूर, पत्थर तोड़ने वाले, खदान मज़दूर, ईंट भट्ठा के मज़दूर, फाल्स सीलिंग वाला, मूर्ति बनाने वाले, मछुवारा, रिक्शा चालक, ठेला में किसी भी प्रकार का सामान बेचने वाला (वेंडर), रेजा, कुली, चाट ठेला वाला, भेल वाला, चाय वाला, होटल के नौकर/वेटर, रिसेप्शनिस्ट, पूछताछ वाले क्लर्क, ऑपरेटर, नर्स, वार्डबॉय, आया, मंदिर के पुजारी, विभिन्न सरकारी ऑफिस के दैनिक वेतन भोगी यानी वास्तव में आपके आसपास दिखने वाले प्रत्येक कामगार का ई श्रमिक कार्ड बन सकता है.

ई श्रमिक कार्ड से क्या मिलता है फायदा

पोर्टल से जुड़ने वाले श्रमिकों को पीएम सुरक्षा बीमा योजना के तहत 2 लाख रुपये तक का बीमा मिलता है.
दुर्घटना से हुई मृत्यु या स्थायी रूप से विकलांग होने पर 2 लाख आंशिक रूप से विकलांग होने पर 1 लाख रुपये की अनुदान राशि मिलती है.
कई प्रकार के सामाजिक सुरक्षा के फायदे भी मिलते हैं. आपदा या महामारी की स्थिति में केंद्र राज्य सरकार से मदद मिलने में आसानी होती है.
ये दस्तावेज जरूरी

आधार कार्ड
मोबाइल नंबर, जो आधार कार्डे से लिंक हो
बैंक खाता
जानें कैसे करें रजिस्ट्रेशन

पहले ई-श्रम पोर्टल की वेबसाइट (eshram.gov.in) पर जाएं. होम पेज पर रजिस्टर ऑन ई-श्रम ऑप्शन पर क्लिक करें.
नया पेज खुलने पर मांगी गई जानकारी दर्ज करें. फिर आपके आधार कार्ड से लिंक मोबाइन नंबर पर ओपीटी आएगा. इसे दर्ज करें.
इसके बाद रजिस्ट्रेशन का पेज खुलेगा. आवेदन फॉर्म को पूरा भरें. मांगे गए जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. अंत में फॉर्म को सब्मिट कर दें.
इसके बाद रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10 अंकों को ई-श्रम कार्ड जारी हो जाएगा.
जिन श्रमिकों के पास आधार लिंक मोबाइल नंबर नहीं है तो वह नजदीकी CSC पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं.
हेल्पलाइन नंबर – रजिस्ट्रेशन के लिए सरकार ने 14434 टोल फ्री नंबर रखा है. इस पर अधिक जानकारी ले सकते हैं.