चोरी में एक भाई गिरफ्तार, दूसरा फरार

0
536

ऋषिकेश(आरएनएस)।   गैस चूल्हे के रिपेयरिंग के बहाने पहले बंद घर की रेकी और फिर उन्हें खंगालने वाले दो भाइयों में से एक पुलिस के हत्थे चढ़ा है। आरोपी से पुलिस ने गढ़ी मयचक में चोरी की घटना से जुड़े सोने के गहने बरामद किए हैं। फरार दूसरे आरोपी की धरपकड़ को पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देने में जुटी है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक बीते साल 13 दिसंबर को सुरेंद्र जोशी निवासी ग्रामसभा गढ़ी मयचक, ऋषिकेश ने शिकायत दी। बताया कि अज्ञात चोरों ने उनके बंद घर को निशाना बनाते हुए सोने के गहने चोरी कर लिए। शिकायत पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर अज्ञात चोरों की पहचान में जुटी थी। सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने दो आरोपियों में से एक की पहचान सोनू पुत्र स्व. मेहरबार निवासी चूना भट्टा, रायपुर, देहरादून के रूप में की। शनिवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी सोनू को घटना में प्रयुक्त बाइक के साथ मनसा देवी फाटक से दबोच लिया। निशानदेही पर पुलिस ने आरोपी से सोने के गहने भी बरामद किए। पूछताछ में आरोपी सोनू ने बताया कि घटना में उसका भाई दीपक उर्फ भूरा भी शामिल है। बताया कि वह गैस चूल्हे की रिपेयरिंग का काम करते हैं। विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर बंद घरों की रेकी करके उनमें चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। श्यामपुर चौकी प्रभारी जगत सिंह ने बताया कि पेशी के बाद कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए प्रयास जारी हैं।