देहरादून, गढ़वाल मण्डल विकास निगम लिमिटेड के मुख्यालय सभागार में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरूआत विभाग में कार्यरत महिलाओं द्वारा सरस्वती वन्दना के साथ की गयी। कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा गीत, भजन, स्वरचित कविता एवं महिला सशक्तिकरण पर विभिन्न प्रस्तुतियां भी प्रस्तुत की गयी।
एमडी जीएमवीएन विनोद गोस्वामी ने महिला सशक्तिकरण के विषय में विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे हैं एवं निगम हित में भी महिलाओं का योगदान अतुलनीय रहा है। इसी क्रम में प्रबन्धक प्रशासन, श्रीमती विप्रा त्रिवेदी एवं महा प्रबन्धक वित्त श्री अमित सैनी एवं कम्पनी सचिव श्रीमती कनिका आनन्द द्वारा भी महिलाओं के योगदान पर अपने विचार व्यक्त किये गये।
कार्यक्रम से पहले महाप्रबन्धक प्रशासन, महा प्रबन्धक वित्त एवं कम्पनी सचिव द्वारा संयुक्त रूप से प्रबन्ध निदेशक विनोद गोस्वामी को पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया। अन्त में महिलाओं द्वारा केक सेरेमनी का आयोजन किया गया तथा प्रबन्ध निदेशक द्वारा सभी महिलाओं को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर निगम में कार्यरत समस्त महिलाएं उपस्थित रही। कार्यक्रम का संचालन कम्पनी सचिव, श्रीमती कनिका आनन्द द्वारा किया गया।




