आगामी राष्ट्रीय खेलों के लिए हमारा लक्ष्य स्वर्ण पदक जीतना है : महेश जोशी

0
456

टिहरी गढ़वाल, ( कुलभूषण) 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड की पुरुष एवं महिला कबड्डी टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किए।
उत्तराखंड कबड्डी संघ के अध्यक्ष महेश जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला वर्ग में उत्तराखंड की टीम ने महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ को हराकर कांस्य पदक जीता, जबकि पुरुष टीम ने महाराष्ट्र और कर्नाटक को मात देकर यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि टीम के खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन के साथ-साथ प्रबंधन समिति, टीम के कोच तथा टीम से जुड़े एक-एक सदस्य की है। आगामी राष्ट्रीय खेलों के लिए हमारा लक्ष्य स्वर्ण पदक जीतना है।
पुरुषों के सेमीफाइनल मुकाबले में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाया। यह मैच अत्यंत रोमांचक रहा किंतु जीत की दहलीज तक पहुँचकर भी उत्तराखण्ड की टीम फाइनल में प्रवेश नहीं कर सकी। इस रोमांचक मुकाबले में उत्तराखण्ड की टीम महज दो अंकों (42-40) के अंतर से हारकर फाइनल में प्रवेश से चूक गई। मैच के अंतिम चरण में प्रमुख रेडर के घायल होने के कारण टीम को कड़ा संघर्ष करना पड़ा।
पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में राजस्थान ने हरियाणा को 44-42 शिकस्त देते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में हरियाणा ने उत्तर प्रदेश को 43-42 हराकर स्वर्ण पदक जीता।
उत्तराखंड कबड्डी संघ के सचिव चेतन जोशी ने बताया कि यह उपलब्धि टीम के कोच उपेंद्र कुमार, नितिन कुमार, तनुजा और गौरव उपाध्याय के उत्कृष्ट मार्गदर्शन और प्रशिक्षण का परिणाम है। कबड्डी टीमों की इस सफलता पर उत्तराखंड के जनप्रतिनिधियों, खेल संघों और खेलप्रेमियों द्वारा हर्ष व्यक्त करते हुए टीम के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई दी गई है।