‘विधायक के नेतृत्व में क्षेत्रीय जनता ने किया कलेक्ट्रेट का घेराव’
उत्तरकाशी, यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र की उपेक्षा को लेकर विधायक संजय डोभाल ने नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया गया, शुक्रवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अपने क्षेत्र के विधायक के साथ हाथों मांगों की तख्तियां लेकर उत्तरकाशी कलेक्ट्रेट परिसर में धमक पड़ें और यमुनोत्री विधानसभा में विकास कार्यों की कथित उपेक्षा के विरोध में सरकार और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया।
इस दौरान विधायक डोभाल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि जिला योजना में यमुनोत्री विधानसभा के साथ विकास कार्यों को लेकर उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ और जरूरतमंद इलाकों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव लंबित हैं। विधायक की प्रमुख मांगों में जिला योजना में यमुनोत्री विधानसभा को प्राथमिकता देना, पारदर्शिता सुनिश्चित करना और पक्षपात पर रोक लगाना शामिल है। उन्होंने भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, ग्राम पंचायतों व जनप्रतिनिधियों के विकास प्रस्तावों को प्राथमिकता देने तथा दूरस्थ व उपेक्षित क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की भी मांग की।
इस दौरान विधायक संजय डोभाल ने स्पष्ट किया कि यमुनोत्री विधानसभा की जनता के साथ विकास के मामले में किसी भी तरह का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो वे कलेक्ट्रेट परिसर में ही धरने पर बैठेंगे और आंदोलन को और तेज करेंगे। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग और विधायक समर्थक मौजूद रहे।


Recent Comments