राजधानी में बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या, शव लहूलुहान हालत में रसोई के बाहर पड़ा मिला

0
616

देहरादून, पटेल नगर क्षेत्र के भंडारी बाग में अकेली रह रही 75 वर्षीय वृद्ध महिला की बदमाशों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लूटपाट की आशंका जतायी है, पुलिस को शव रसोई के बाहर पड़ा मिला। एक कमरे में अलमारी का लॉक टूटा था और सामान भी बिखरा हुआ था। इससे लग रहा है कि हत्या के बाद बदमाशों ने लूटपाट भी की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू करने के साथ लूट, प्रॉपर्टी विवाद और अन्य बातों को ध्यान में रखकर घटना की जांच कर रही है।
यह वारदात भंडारी बाग फेज टू में ट्रांसपोर्टर इंदर राज धवन के मकान में हुई। इंदर राज की कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। इस दो मंजिला मकान में उनकी 75 वर्षीय पत्नी कमलेश धवन रहती थीं। उनकी तीन बेटियां हैं। दो देहरादून और एक चंडीगढ़ में रहती है। चंडीगढ़ में रहने वाली बेटी गीता ने जब शनिवार सुबह मां को फोन किया तो नहीं उठा। बार-बार कॉल करने पर भी जवाब नहीं मिला तो उन्होंने सुबह करीब साढ़े 10 बजे घर के सामने दुकान चलाने वाले टेलर शरीफ को फोन किया। शरीफ ने देखा कि मकान का जाली वाला दरवाजा आधा खुला था। अंदर के दरवाजे में भी लॉक नहीं लगा था। अंदर कोई भी लाइट नहीं जली थी। एक कमरे में टीवी चल रहा था। कमलेश बेडरूम और ड्राइंग रूम में नहीं मिलीं तो शरीफ डाइनिंग हॉल की तरफ बढ़े। वहां का नजारा देख उनके होश उड़ गए। कमलेश रसोई के बाहर लहूलुहान पड़ी थीं। इसकी सूचना शरीफ ने गीता को दी। गीता ने वसंत विहार में रहने वाली अपनी बहन विनीता को।

मौके पर विनीता का बेटा संस्कार पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर फिंगर प्रिंट्स और रक्त के नमूने इकट्ठा किए। देखा कि एक कमरे का सामान बिखरा था। अलमारी और उसका लॉकर खुला था। शुरुआती पड़ताल में माना जा रहा है कि बदमाशों ने पहले कमलेश की हत्या की और फिर लूटपाट की। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि हत्यारों को पकड़ने के लिए एसओजी और पुलिस की चार टीमें बनाई गई हैं। बेटी विनीता की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

वृद्ध महिला कमलेश धवन की तीन बेटियों के अलावा एक बेटा भी था। वह पिता के साथ ट्रांसपोर्ट का ही काम करता था। 30 साल पहले सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई थी। उसकी एक बेटी भी है। वह अक्सर अपनी दादी के पास आती रहती थी। दीपावली के आसपास भी वह काफी दिनों तक कमलेश के साथ रही थी। कुछ दिन पहले शादी के बाद पति के साथ विदेश चली गई। बताया जा रहा है कि हर रोज दादी और पोती की फोन पर बातचीत होती थी। कमलेश और उनकी पोती के बीच आखिरी बात शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुई थी। इसकी कॉल डिटेल उनके मोबाइल में मिली है। मौके से पुलिस ने दो मोबाइल कब्जे में लिए हैं। इनमें एक स्मार्टफोन और दूसरा फीचर फोन है।
वहीं यह भी जानकारी मिली कि तीन बेटियों में से दो अक्सर अपनी मां से बात करती रहती थीं। वसंत विहार में रहने वाली उनकी बेटी घर भी आती थी। जबकि, चंडीगढ़ वाली बेटी रोज फोन पर बात करती थी। लेकिन, आईएमए ब्लड बैंक के पास रहने वाली बेटी से उनकी बोलचाल बंद थी। हालांकि, दोनों के बीच क्या विवाद था, यह जानकारी पुलिस को भी नहीं लग पाई है। पुलिस के अनुसार हत्याकांड के बाद घर के जो हालात देखने को मिले हैं उससे इस बात की संभावना लगती है कि हत्या के समय बुजुर्ग महिला के अलावा अन्य कई लोग घर पर थे | पुलिस का अंदाजा लगा रही कि हत्यारे को पूरे घर की जानकारी थी, फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है |

 

उत्तरकाशी में तीन भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत, किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं

उत्तरकाशी, देर रात एक के बाद एक भूकंप के तीन झटके महसूस किए गए। झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल इस दौरान किसी तरह के जान-माल की कोई सूचना नहीं है। पहला झटका रात 12:40, दूसरा झटका 12:45 व तीसरा झटका 01:01 पर महसूस किया गया। स्थानीय निवासी हेमलता ने बताया कि अचानक खिड़की दरवाजे जोर से बजने की आवाज सुनाई दी, साथ ही किचन में रखें कुछ बर्तन भी गिर गए।

एक के बाद एक लगातार तीन भूकंप के झटकों के आने से लोगों में काफी दहशत है। लोग काफी देर तक घरों के बाहर ही रहे। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 12ः45 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.5 थी। जिसका केंद्र तहसील भटवाड़ी के अंतर्गत सिरोर के जंगल में बताया जा रहा है। भूकंप से कहीं से भी किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। वहीं श्रीनगर जम्मू कश्मीर में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।

 

एक दिवसीय जैव प्रौद्योगिकी कार्यशाला का हुआ आयोजन

मसूरी, महात्मा योगेश्वर सरस्वती विद्या मन्दिर एवं इण्टर काॅलेज मसूरी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक्शन एण्ड रिसर्च सोसाइटी द्वारा उत्तराखण्ड जैव प्रौद्योगिकी परिषद, पतंनगर के सहयोग से एक दिवसीय जैव प्रौद्योगिकी कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के विद्यार्थियों को जैव प्रौद्योगिकी के विषय से अवगत कराया गया तथा कार्यशाला के अन्त में एक प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यशाला से सम्बन्धित सवाल-जबाव किये गये एवं सवाल-जवाब में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
संस्था की और से उत्तराखण्ड जैव प्रौद्योगिकी परिषद, पतंनगर का धन्यवाद ज्ञापित किया गया |
कार्यशाला में सम्मलित एवं पुरस्कृत करने वाले अतिथि :
श्री तरुण झा (यूक्लिड लैबस), डा. अनिल सिंह (डीआरडीओ), रमेश जोशी (सचिव पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक्शन एण्ड रिसर्च सोसाइटी)