देहरादून , माउंट ज़ायन स्कूल में इन्वेस्टिचर सेरेमनी बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाई गई। पूरे वातावरण में गर्व और खुशी का माहौल था, जहाँ कक्षा 8 के विद्यार्थियों को छात्र परिषद् की जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुश्री अंकिता सोनकर द्वारा स्वागत भाषण से हुआ, जिसमें उन्होंने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का हार्दिक स्वागत किया। इसके पश्चात रेवरेण्ड जे. पी. सिंह द्वारा प्रार्थना कराई गई तथा उसके बाद “लॉर्ड्स प्रेयर” प्रस्तुत की गई।
इसके बाद छात्र परिषद् ने अपने पद एवं कर्तव्यों की शपथ ली। छात्र परिषद् द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट अत्यंत सराहनीय रहा, जिसमें विद्यार्थियों का अनुशासन, आत्मविश्वास एवं बेहतरीन तालमेल देखने को मिला।
हाउस कैप्टनों एवं उनके आदर्श वाक्य इस प्रकार रहे —
ब्लू हाउस – ट्रस्ट हाउस
कैप्टन: अनुप्रिया
आदर्श वाक्य: “मैं परमेश्वर पर विश्वास रखता हूँ; मैं भयभीत नहीं होऊँगा।”
ग्रीन हाउस – पीस हाउस
कैप्टन: पवन
आदर्श वाक्य: “बुराई से दूर रहो, भलाई करो, शांति को खोजो और उसका अनुसरण करो।”
रेड हाउस – स्ट्रेंथ हाउस
कैप्टन: स्वास्तिका
आदर्श वाक्य: “प्रभु का आनंद ही तुम्हारी शक्ति है।”
येलो हाउस – होप हाउस
कैप्टन: अंश
आदर्श वाक्य: “हे प्रभु में आशा रखने वालों, दृढ़ और साहसी बनो।”
विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों एवं हाउस मास्टर्स द्वारा बैज एवं सैश पहनाए गए, जिसने इस अवसर को और भी भावुक एवं यादगार बना दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम ने समारोह में और भी रंग भर दिए। जूनियर स्कूल के विद्यार्थियों ने “God Made Me” पर सुंदर नृत्य प्रस्तुति दी, वहीं सीनियर कॉयर ने “Top of the World” गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इसके पश्चात सीनियर विद्यार्थियों द्वारा “Focus” विषय पर आकर्षक कोरियोग्राफी प्रस्तुत की गई।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सोनिया पॉल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा नेतृत्व पर प्रेरणादायक संदेश देते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन को अपने जीवन की प्राथमिकता बनाने एवं अपने पद के साथ-साथ विद्यालय के प्रति भी समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने मुख्य अतिथियों श्री ब्रजेश पॉल, रेवरेण्ड जे. पी. सिंह, बोर्ड के सदस्यों, श्रीमती ज्ञान एवं सभी अभिभावकों का धन्यवाद व्यक्त किया, जो अपने बच्चों का उत्साहवर्धन करने हेतु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सफलतापूर्वक हुआ और विद्यार्थियों में नेतृत्व की नई भावना एवं उत्साह देखने को मिला।



Recent Comments