समर्थक की गाड़ी के चालान से आग बबूला हुये विधायक, अधिकारी को पीटने उठा दिया हाथ, वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

0
973

कोटद्वार, भाजपा सरकार के एक विधायक की धमक इतनी कि वह अपने को कानून समझ बैठे, हुआ यूं कि उनके एक समर्थक की गाड़ी का चालान होने पर वह उस अधिकारी पर ऐसे आगबबूला हुए और अधिकारी को सरेआम सड़क पर पीटने के लिए हाथ ही उठा दिया। मौके पर मौजूद किसी ने विधायक की इस करतूत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिसके बाद लोग विधायक की खूब फजीहत कर रहे हैं।
घटना कोटद्वार के कोड़िया की है जहां एक भाजपा समर्थक की गाड़ी का चालान होने से लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक दिलीप महंत ने परिवहन विभाग के अधिकारी को खरी खोटी सुनानी शुरू कर दी। इतना ही नहीं भाजपा विधायक ने बीच सड़क पर ही अधिकारी को थप्पड़ मारने के लिए हाथ भी उठा दिया। अलबत्ता उन्होंने अधिकारी पर हाथ नहीं छोड़ा।
विधायक दिलीप महंत और परिवहन अधिकारी हरीश सती के बीच हुए इस घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बना लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो पर लोगों ने इसे सत्ता की हनक बताते हुए विधायक की आलोचना शुरू कर दी है। अपने किसी समर्थक की गाड़ी का चालान होने से भाजपा विधायक काफी गुस्से में लग रहे थे। वहीं विधायक के इस व्यवहार से अधिकारी एवं आमजन अचंभित हैं |