देहरादून(आरएनएस)। मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को मुंबई में उत्तरांचल महासंघ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडियों ने मेहनत, ज्ञान और संस्कार से अपनी अलग पहचान बनाई है। शिक्षा क्षेत्र में शीर्ष पदों पर कार्यरत उत्तराखंड मूल के प्रधानाचार्यों के सम्मान में आयोजित समारोह में मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि राष्ट्रीय फलक पर पहाड़ की प्रतिभाएं अपना लोहा मनवा रही है। उत्तराखंड की प्रतिभाएं जहां भी जाती हैं, वहां नई पहचान और सम्मान अर्जित करती हैं। आज देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी प्रवासी उत्तराखंडी अपनी प्रतिभा का जौहर दिखा रहे हैं। प्रवासी उत्तराखंडियों ने मुंबई जैसे महानगर में रहकर भी अपनी जड़ों को नहीं भूला है यह सबसे प्रेरणादायी है। उन्होंने कार्यक्रम में उत्तराखंड मूल के महाराष्ट्र के शिक्षकों और शिक्षाविदों को सम्मानित किया। महाराष्ट्र प्रवास के दौरान मंत्री ने नवी मुंबई स्थित भारत सरकार के उपक्रम एचएलएल लाइफ केयर लिमिटेड (हिन्द लैब) का भ्रमण भी किया। उन्होंने यहां अत्याधुनिक मशीनों और तकनीकों के बारे में जानकारी ली। लैब अधिकारियों ने बताया कि एचएलएल महाराष्ट्र सरकार के साथ मिलकर निःशुल्क लैब जांचों की सुविधा दे रहा है। डॉ.रावत ने कहा कि उत्तराखंड के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऐसी पैथोलॉजी उपकरण और तकनीक उपलब्ध कराने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाएगी।



Recent Comments