शिक्षा मंत्री डॉ० धन सिंह रावत से भेंट कर केदारनाथ क्षेत्र में शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा

0
196

रुद्रप्रयाग – दर्जा धारी चंडी प्रसाद भट्ट ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत से भेंट कर केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र की शिक्षा से जुड़ी विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
सीमांत क्षेत्र अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट ने डा धन सिंह रावत से देहरादून में भेंट कर विद्यापीठ कॉलेज से संबंधित प्रकरण को मंत्री के समक्ष रखा तथा इस विषय में आवश्यक कार्यवाही करते हुए क्षेत्र के विद्यार्थियों के हित में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिए जाने का अनुरोध किया।

इसके साथ ही राजकीय इंटर कॉलेजों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों के प्रकरण पर भी चर्चा की। केदारनाथ विधानसभा के ऊखीमठ सहित दुर्गम एवं अतिदुर्गम क्षेत्रों के विद्यालयों में अतिथि शिक्षक लंबे समय से पूरी निष्ठा और मनोयोग के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को पूरा करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

अतिथि शिक्षकों की सेवा अवधि, उनके भविष्य एवं स्थायित्व से जुड़े विषयों पर माननीय शिक्षा मंत्री जी से सकारात्मक कार्यवाही का अनुरोध किया, ताकि लंबे समय से सेवाएं दे रहे इन शिक्षकों के हितों की रक्षा हो सके और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित न हो।

इसके अतिरिक्त केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता, दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई। माननीय शिक्षा मंत्री ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक कार्यवाही के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया।क्षेत्र के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विषयों के समाधान के लिए प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।