रुद्रप्रयाग, प्रदेश के साथ ही जनपद रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश ने एकबार फिर यात्रा मार्ग को जगह जगह बाधित कर दिया। खराब मौसम, भूस्खलन और सड़कों पर बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। दूसरी तरफबद्रीनाथ हाईवे पर भी हजारों श्रद्धालु घंटों तक जाम में फंसे रहे, जिससे यात्रा व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है।रुद्रप्रयाग प्रशासन ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कारण केदारनाथ धाम की यात्रा फिलहाल अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई है। पुलिस और जिला प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी है।
जिला प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यात्रा पर अस्थायी रोक लगाई गई है। किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालु हेल्पलाइन नंबर 8958757335, 8218326386 अथवा डायल-112 पर संपर्क कर सकते हैं। उधर, चमोली जिले में जोशीमठ के पास बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच7) पर भीषण जाम की स्थिति बनी हुई है। वाहनों की लंबी कतारों के चलते यात्री परेशान हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को मौसम और प्रशासनिक निर्देशों पर लगातार नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।



Recent Comments