देहरादून (एल मोहन लखेड़ा), सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी (आईटीडीए) द्वारा उत्तराखण्ड राज्य के आईटी एवं अन्य क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवक एवं युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 14 मई, 2026 को आईआरडीटी ऑडिटोरियम, देहरादून में एक भव्य रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा (परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी) द्वारा की गई, जबकि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी (कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत उन्होंने रोजगार मेले में साक्षात्कार के लिए उपस्थित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में मंत्री बत्रा ने रोजगार मेले में प्रतिभाग कर रहे छात्र-छात्राओं एवं युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
रोजगार मेले में आईटीडीए-एस्कल के उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं, भूतपूर्व सैनिकों के आश्रितों तथा अन्य युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। युवाओं की सक्रिय भागीदारी को देखते हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भविष्य में भी इस प्रकार के वृहद रोजगारोन्मुखी आयोजनों को निरंतर आयोजित किए जाने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेश के युवाओं को बेहतर रोजगार अवसर प्राप्त हो सकें तथा पलायन की समस्या को कम किया जा सके।
इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी द्वारा रोजगार मेले में चयनित प्रतिभागियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही साक्षात्कार प्रक्रिया में सहयोग देने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
रोजगार मेले में दिल्ली/एनसीआर एवं उत्तराखण्ड से आईटी एवं अन्य क्षेत्रों की 21 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। मेले में लगभग 359 युवक-युवतियों ने विभिन्न रिक्त पदों हेतु प्रतिभाग किया, जिनमें से साक्षात्कार प्रक्रिया के उपरांत लगभग 195 युवक-युवतियों का विभिन्न कंपनियों द्वारा चयन किया गया।
कार्यक्रम का समापन युवाओं के उज्ज्वल भविष्य एवं राज्य में रोजगार के नए अवसरों के संकल्प के साथ हुआ।



Recent Comments