” एक वर्ष मे कोठगी नर्सिंग कॉलेज निर्माण, धारकोट में मिनी स्टेडियम निर्माण, केदारनाथ रोप वे निर्माण, जिला अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापना, केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में महाविद्यालय की स्थापना , कोठगी में अलकनंदा नदी पर मोटर पुल सहित कई विन्दुओं पर प्रारथमिकता से कार्य करने का मिला भरोसा”।
(देवेन्द्र चमोली)
रुद्रप्रयाग- प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद के कोठगी गॉव पहुंचकर जनपद वासियों को नर्सिंग कॉलेज की सौगात दी। उनके साथ सूबे के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत भी मौजूद रहे। कोठगी के सेम नामक तोक मे नर्सिंग कॉलेज शिलान्यास कर मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमुदाय को सम्बोधित करते हुये कहा कि उनके द्वारा शिलान्यास की गई योजनाओं को समय पर पूर्ण कर उनका लोकार्पण करना उनकी सरकार की प्रार्थमिकताओं में है। उन्होंने एक वर्ष के समय काल में नर्सिंग कॉलेज निर्माण का भरोसा स्थानीय जनता को दिया।
पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम के तहत आज सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून से कोठगी हैली पैड पहुंचे जहाँ स्थानीय विधायक भरत सिंह चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष महाबीर पंवार सहित भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं
व स्थानीय जनता ने मुख्यमंत्री का भब्य स्वागत किया। हैलीपेड से मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे जहाँ उन्होंने पूजा अर्चना कर नर्सिंग कालेज की आधारशिला रखी।
कार्यक्रम स्थल पर बाबा केदार के जयकारों से अपने सम्बोधन की शुरुआत करते हुये मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धिया़ जनता के सामने रखी। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिशानिर्देशों पर कार्य कर रही उनकी सरकार की नीतियों से उत्तराखंड लगातार प्रगति कर रहा है।
इससे पूर्व कैविनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि स्वास्थ्य व शिक्षा के क्षेत्र में सरकार द्वारा अभूतपूर्व कार्य किये जा रहे है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही स्वास्थ्य विभाग मे 3000 नर्स, 800 एएनएम,सहित कुशल डाक्टरों की भर्ती की जायेगी। जबकि शिक्षा विभाग म़े 1500 एल.टी शिक्षकों व 1500 प्रवक्ताओं की नियुक्ति की जायेगी।
केदारनाथ में 1200 करोड़ की लागत से रोपवे निर्माण की मंजूरी, जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में क्रीटिकल केयर यूनिट की स्थापा का कार्य शीघ्रता से किया जायेगा।
रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिहं चौधरी ने क्षेत्र मे नर्सिंग कॉलेज की आधारशिला के लिये मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने रुद्रप्रयाग विधानसभा के विकास के लिये अपनी प्रतिवद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही कोठगी के पास अलकनन्दा नदी पर मोटर पुल का निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया जायेगा। इस अलसर पर केदारनाथ विधायक शैला रानी रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, जिला पंचायत सदस्य सबिता भंडारी, प्रधान कोठगी हरेन्द्र जग्गी, ग्राम प्रधान छिनका देवेन्द्र नेगी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, पुलिस अधीक्षक विशाखा भदाणे सहित जनपद स्तरीय अधिकारी क्षेत्रीय जनता व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।




