गरूड़ाबाज में कुंजवाल देंगे धरना,पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी रहेंगे उपस्थित

0
422

अल्मोड़ा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल ने आज प्रेस को जारी एक बयान में कहा कि आगामी 24 अगस्त को प्रात:10:30 बजे से गरूड़ाबाज में मुन्शी हरिप्रसाद टम्टा पारम्परिक शिल्प उन्नयन संस्थान का निर्माण कार्य भारतीय जनता पार्टी सरकार के द्वारा रोके जाने पर उसी स्थल पर एक विशाल धरना प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत एवं पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा प्रतिभाग करेंगे।श्री कुंजवाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित आम जनता का आह्वाहन करते हुए कहा है कि अधिक से अधिक संख्या में इस धरना कार्यक्रम में भाग लेकर जनहित के इस धरने को सफल बनाएं ताकि गहरी नींद में सोई भाजपा सरकार नींद से जागे तथा इस संस्थान का निर्माण कार्य प्रारम्भ कराए।श्री कुंजवाल ने आगे कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के द्वारा कराये गये जनहित के कार्यों को रोकने का कार्य भाजपा सरकार कर रही है।डबल इंजन की इस सरकार में जहां विकास कार्य अवरुद्ध हैं।वहीं दूसरी ओर जनता महंगाई से त्रस्त है।आज दैनिक उपभोग की प्रत्येक वस्तु के दाम आसमान छू रहे हैं।जिससे गरीब एवं मध्यमवर्ग के सामने अपने परिवार के पालन पोषण की समस्या उत्पन्न हो रही है।उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार का सपना दिखाने वाली इस सरकार में आज युवाओं के लिए रोजगार तक नहीं हैं।आज पढ़ लिख कर युवा बेरोजगारी के दंश को झेल रहा है तथा बेरोजगारी से त्रस्त होकर निरन्तर अवसाद की ओर जा रहा है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता की लड़ाई लड़ती आयी है और आगे भी लड़ेगी।