वृद्धि को गति देने के लिए कंपनी जगत निवेश बढ़ाए: सीतारमण

0
618

नईदिल्ली, । वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को भारतीय कंपनी जगत से अर्थव्यवस्था में निवेश का अनुरोध करते हुए कहा कि निवेश से वृद्धि का गुणवत्तापूर्ण चक्र शुरू होगा।
सीतारमण ने भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कॉरपोरेट टैक्स में कटौती के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि इसने नाभिकीय ऊर्जा एवं अंतरिक्ष समेत कई क्षेत्रों में निवेश के दरवाजे खोलने का काम किया है।
सरकार ने सितंबर 2019 में कोई कर रियायत नहीं लेने वाली कंपनियों के लिए कॉरपोरेट टैक्स की दर को कम कर 22 प्रतिशत कर दिया था। इसके साथ नई विनिर्माण कंपनियों के लिए यह दर और भी कम 15 प्रतिशत कर दी गई थी।
वित्त मंत्री ने गत मंगलवार को वित्त वर्ष 2022-23 का बजट पेश करते समय नई विनिर्माण कंपनियों के लिए कॉरपोरेट टैक्स की 15 प्रतिशत की ही दर एक साल के लिए और बढ़ाने की घोषणा की।
उन्होंने सीआईआई के कार्यक्रम में कहा कि उद्योग जगत को भी निवेश प्रोत्साहन में सरकार के साथ खड़े होना चाहिए ताकि गुणवत्तापूर्ण दौर आगे बढ़े और वृद्धि को मजबूती मिले।