देहरादून, उत्तराखंड पुलिस में पदोन्नति की राह देख रहे 463 हेड कांस्टेबलों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही उनको अपर उप निरीक्षक (एएसआई) के पद पर पदोन्नति मिल जाएगी। इसी के साथ, इतने ही पदों पर नई पुलिस भर्ती की राह भी खुलेगी। क्योंकि, इतने ही पदों पर कांस्टेबल भी प्रमोट होकर हेड कांस्टेबल बन जाएंगे।
दो साल की सेवा पूरी नहीं होने के कारण इनको प्रमोट करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने वन टाइम शिथिलीकरण का प्रस्ताव शासन भेजा था, जिसे बुधवार को सीएम पुष्कर धामी ने मंजूरी दे दी। हेड कांस्टेबल से एएसआई पद पर पदोन्नति के लिए दो साल की सेवा का नियम है। इस कारण 463 हेड कांस्टेबल के प्रमोशन नहीं हो पा रहे थे।
डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि सीएम के इस बड़े फैसले से तीन फायदे होंगे। पहला तो 463 हेड कांस्टेबल को एएसआई में पदोन्नति मिल जाएगी। इसके बाद 463 पद खाली होंगे, उनको कांस्टेबलों के प्रमोशन से भरा जाएगा। इसके बाद कांस्टेबल के 463 पदों पर नई भर्तियां की जा सकेंगी।




