पीएमश्री के. वि आई.आई.पी देहरादून में तृतीय सोपान टेस्टिंग कैंप 2026 का भव्य शुभारंभ

0
108

देहरादून, । भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय तृतीय सोपान टेस्टिंग कैंप 2026 का भव्य शुभारंभ आज पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आई.आई.पी., देहरादून में उत्साह, उमंग एवं गरिमापूर्ण वातावरण में हुआ। शिविर में 21 केंद्रीय विद्यालयों के 264 स्काउट्स एवं गाइड्स, 42 अनुरक्षक (Escorts) तथा 9 ऑफिशियल्स उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर रहे हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री हरेंद्र सिंह बिष्ट, निदेशक, भारतीय पेट्रोलियम संस्थान (IIP), देहरादून एवं अध्यक्ष, विद्यालय प्रबंधन समिति (VMC) रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री हरेंद्र सिंह बिष्ट एवं विद्यालय के प्राचार्य श्री मनोज कुमार को स्कार्फ पहनाकर स्काउटिंग परिवार में औपचारिक रूप से सम्मिलित करने के साथ हुआ। इसके पश्चात लॉर्ड बैडेन-पॉवेल एवं लेडी बैडेन-पॉवेल के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की गई। मुख्य अतिथि एवं शिविर में उपस्थित अधिकारियों का हरित स्वागत करते हुए पौधे भेंट कर अभिनंदन किया गया।

कक्षा VI-B के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक स्वागत गीत ने पूरे वातावरण को उत्साह एवं ऊर्जा से भर दिया। इसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य श्री मनोज कुमार ने अपने स्वागत संबोधन में शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, सेवा-भाव, आत्मनिर्भरता, सहयोग एवं राष्ट्रप्रेम जैसे जीवन-मूल्यों के विकास का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागी स्काउट्स एवं गाइड्स को शिविर की गतिविधियों में पूर्ण उत्साह एवं समर्पण के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

 

कार्यक्रम की अगली कड़ी में LOC (Scout) द्वारा तृतीय सोपान टेस्टिंग कैंप की रूपरेखा, उद्देश्यों एवं विभिन्न गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिविर के दौरान अनुशासन, टीम भावना एवं स्काउटिंग की भावना को सर्वोपरि रखने के लिए प्रेरित किया।

 

इसके पश्चात कक्षा VIII-A एवं VIII-B के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत शानदार समूह नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की ऊर्जावान एवं मनमोहक प्रस्तुति को उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, अनुरक्षकों तथा प्रतिभागी स्काउट्स एवं गाइड्स ने करतल ध्वनि से सराहा।

 

कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री हरेंद्र सिंह बिष्ट ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में प्रतिभागी स्काउट्स एवं गाइड्स को स्काउटिंग के मूल सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, सेवा, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्रहित की भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

यह तीन दिवसीय तृतीय सोपान टेस्टिंग कैंप 2026 विद्यार्थियों को स्काउटिंग के विभिन्न कौशलों का प्रदर्शन करने, अपनी नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा सेवा, सहयोग एवं आत्मनिर्भरता की भावना को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है। शिविर के आगामी दिनों में प्रतिभागियों के विभिन्न स्काउटिंग कौशल, दक्षताओं एवं व्यावहारिक ज्ञान का परीक्षण किया जाएगा।