जीएमवीएन ने निकाली तिरंगा साईकिल रैली, पर्यटन मंत्री ने किया शुभारंभ

0
517

देहरादून, स्वतंत्रता दिवस के 75 वें अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में गढ़वाल मण्डल विकास निगम लि० के तत्वाधान में तिरंगा साईकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है। “हर घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने एवं इस अभियान में जन-जन की सहभागिता के लिए यह तिरंगा साईकिल रैली होटल द्रोण से आराघर, रायपुर, सहस्त्रधारा, हैलीपैड, धोरण पुल, कैनाल रोड़ एवं निगम मुख्यालय होते हुए वापस होटल द्रोण में आकर सम्पन्न हुयी ।

एक और जहां समूचे देश के अन्दर देश प्रेम में अलग तरह के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। वहीं शनिवार को गढ़वाल मण्डल विकास निगम लि० के द्वारा राष्ट्र भक्ति के इस महान यज्ञ में अपना छोटा सा योगदान देने का सद्प्रयास तिरंगा साईकिल रैली के रूप में किया गया। साईकिल रैली के इस 30 किलोमीटर की दूरी में अनेकों रिहाइसी क्षेत्र पड़े। इस रैली के द्वारा देश-प्रेम की भावना को प्रोत्साहित करने व आजादी के अमृत महोत्सव को धूम-धाम से मनाने के लिए यह तिरंगा साईकिल रैली आयोजित की गयी। इससे पहले रैली का शुभारम्भ पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने तिरंगा साईकिल यात्रा को देश प्रेम की भावना के लिए जनजागरूकता फैलाने के लिए सार्थक प्रयास बताया। इस अवसर पर सहकारिता सचिव बी०वी०आर०सी० पुरुषोत्तम, प्रबन्ध निदेशक वंशीधर तिवारी, महाप्रबन्धक पर्यटन अनिल गबरियाल, सहायक महा प्रबन्धक राकेश सकलानी, प्रबन्धक होटल द्रोण अनूप अन्थवाल, प्रदीप नेगी आदि उपस्थित थे।

 

सरकार छोटी मछलियों को पकड़ रही बड़ी पकड़ से हैं बाहर : प्रदीप टम्टा

अल्मोडा, कांग्रेस नेता व पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। एक प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि कुछ लोग तिरंगा यात्रा के नाम पर देश मे उन्माद फैलाने का काम कर रहे हैं, देश की एकता को खंडित कर रहे हैं, यही नही देश के लोकतंत्र को खत्म करने का काम रहे हैं। ऐसी ताकतों के खिलाफ कांग्रेस की भारत जोड़ो पदयात्रा काम कर रही है। भारत जोड़ो पदयात्रा के माध्यम से देश मे शांति और एकता को बनाये रखने के लिए लोगों को एकजुट किया जा रहा है।राज्यसभा के पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने बीजेपी की हर घर तिरंगा यात्रा पर निशाना साधा है। प्रदीप टम्टा का कहना है कि बीजेपी तिरंगा यात्रा के नाम पर लोगों से वसूली कर रही है, जबकि वह यह तिरंगा लोगों को मुफ्त में भी दे सकती थी। कहा कि कांग्रेस की इस पदयात्रा को लोगों का काफी समर्थन मिल रहा है। वही उन्होंने कहा कि केंद्र की बीजेपी सरकार से आम जन , युवा परेशान हैं। देशभर में नौकरी के लिए 23 करोड़ लोगों ने आवेदन किया था , लेकिन इस सरकार में मात्र 7 लाख लोगों को ही रोजगार मिल पाया है। जबकि देशभर में सरकारी विभागों में भारी संख्या में पद रिक्त चल रहे हैं। वही ईडी को लेकर टम्टा ने कहा कि जो मामला 2015 में बंद हो चुका है, सरकार राजनैतिक षड्यंत्र रचकर उस मामले को फिर से तूल देकर डराने की कोशिश कर रही है। उत्तराखण्ड में यूकेएसएसएससी में हुए घपले को लेकर प्रदीप टम्टा ने कहा कि सरकार छोटी छोटी मछलियों को पकड़ रही है, जबकि बड़ी मछलियां पकड़ से बाहर हैं |