Sunday, April 28, 2024
HomeStatesUttarakhandदर्दनाक हादसा : स्योली मल्ली के पास बारात से लौट रहा वाहन...

दर्दनाक हादसा : स्योली मल्ली के पास बारात से लौट रहा वाहन दुर्घनाग्रस्त, छह की मौत और आठ घायल

पौड़ी, उत्तराखण्ड़ के पौड़ी जिले के पैठाणी थाना क्षेत्र में बारात से लौट रहा मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया है। दो घायलों का सीएचसी पैठाणी व छह घायलों का उपचार जिला अस्पताल पौड़ी में चल रहा है।दुर्घटना की सूचना मिलते ही डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, एसएसपी यशवंत सिंह चौहान ने जिला अस्पताल पौड़ी पहुंच घायलों का हालचाल जाना।

मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को थाना क्षेत्र पैठाणी के डोबरी गांव से एक बारात सिलोली गांव गई थी। देर शाम बारात विदाई के बाद वापस डोबरी लौट रही थी। लेकिन इसी दौरान बारातियों से भरी एक मैक्स स्योली मल्ली-टीला मोटर मार्ग पर स्योली मल्ली के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। घटना की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच स्थानीय लोगों के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया। दुर्घटना में जाख गांव की एक ही परिवार की दो बेटियों की मौत हो गई है।
थानाध्यक्ष पैठाणी वीरेंद्र रमोला ने बताया कि बरातियों से भरी मैक्स दुर्घटना में चालक अंकित (25) पुत्र प्रकाश लाल निवासी स्योली तल्ली, हयात सिंह पुत्र प्रताप सिंह सिलोली, मेहरवान सिंह पुत्र केदार सिंह सिलोली, जांख निवासी कलम की बड़ी बेटी अंबिका (18) और पांच वर्षीय दृष्टि की मौके पर ही मौत हो गई थी। थानाध्यक्ष रमोला ने बताया कि 108 सेवा के सहयोग से दो घायलों को सीएचसी पैठाणी व सात को सीएचसी पाबौ में भर्ती कराया गया। सीएचसी पाबौ में उपचार के दौरान मोनिका ने दमतोड़ दिया। यहां से छह घायलों को जिला अस्पताल पौड़ी रेफर किया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रदेश के शिक्षा व स्वास्थ्य मंत्री ने घायलों के उपचार को लेकर जिलाधिकारी को दिशा-निर्देश दिए हैं, जबकि छह घायलों का जिला अस्पताल पौड़ी व दो घायलों का उपचार सीएचसी पैठाणी में चल रहा है। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव रतूडी ने बताया वीरेंद्र, कंचन, दिया, राहुल, प्रिया, किरन का उपचार चल रहा है। थानाध्यक्ष पैठाणी रमोला ने बताया घायल रविंद्र पुत्र रोशन सिंह ग्राम इसोटी एकेश्वर ब्लॉक, मोहन सिंह पुत्र हयात सिंह सिलोली का उपचार सीएचसी पैठाणी में चल रहा है।
14 लोग से वाहन में सवार
दुर्घटनाग्रस्त वाहन बरातियों से ओवरलोड होकर चल रहा था। थानाध्यक्ष वीरेंद्र रमोला ने बताया कि मैक्स वाहन में 14 बराती सवार थे। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

दुर्घटना पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से. नि.) ने मृतक व्यक्तियों के प्रति गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने मृत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। राज्यपाल ने दुर्घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दुख जताते हुए संवेदना प्रकट की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments