Thursday, May 2, 2024
HomeStatesUttarakhandसम्मान जनक वेतन की मांग, सरकार की वादा खिलाफी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में...

सम्मान जनक वेतन की मांग, सरकार की वादा खिलाफी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में आक्रोश

देहरादून, प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का 500 रुपये मानदेय बढ़ाए जाने को लेकर शासन द्वारा प्रस्ताव तैयार किए जाने की खबर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। वेतन बढ़ोतरी के लिए लंबे समय से लड़ाई लड़ रहीं कार्यकर्ताओं ने कहा कि सम्मान जनक वेतन की मांग कई बार दोहराने के बावजूद सरकार का यह फैसला उनकी भावनाओं को आहत करने वाला है, इसके विरोध में वह 21 व 22 अक्तूबर को विशाल रैली व प्रदर्शन करेंगी।
शनिवार को आंगनबाड़ी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले गांधी पार्क में हुई बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। सरकार द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का 500 रुपये वेतन बढ़ाने का कड़ा विरोध करते कहा कि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से सम्मान जनक वेतन बढ़ोतरी को लेकर वार्ता हुई थी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता भरोसा कर अब तक शांत रहीं, लेकिन सरकार व मंत्री उनकी सुन ही नहीं रहे हैं। कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए 21 हजार, सहायिकाओं के लिए 18 हजार न्यूनतम वेतन और मिनी आंगनबाड़ियों के लिए समान कार्य के लिए समान वेतन घोषित किया जाए।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मांगों पर सरकार का रवैया उपेक्षित बताते हुए 21 व 22 अक्तूबर को विरोध प्रदर्शन का निर्णय लिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता 21 अक्तूबर सुबह 11 बजे गांधी पार्क के समक्ष धरना देंगी। जबकि, 22 अक्तूबर को विशाल प्रदर्शन कर सचिवालय कूच करेंगी। कहा कि अगर सरकार उनकी सुध नहीं लेती है तो अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। बैठक में जानकी चौहान, चित्रकला, लक्ष्मीपन्त, ज्योतिका पांडेय, सुशीला खत्री, ज्योति बाला, उमा प्रधान, रजनी गुलेरिया, रंजीता अरोड़ा, उमा बहुगुणा, दीपा पांडेय, विमला गैरोला, पूजा जोशी, क्षमा परवीन ने विचार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments