Friday, March 29, 2024
HomeTrending Nowडोईवाला में संस्कार केंद्र की चार दिवारी का होगा निर्माण, क्रीड़ा मैदान...

डोईवाला में संस्कार केंद्र की चार दिवारी का होगा निर्माण, क्रीड़ा मैदान बनाने की भी सीएम ने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले लोगों को किया सम्मानित

देहरादून, मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को आशीर्वाद वाटिका, डोईवाला देहरादून में स्व० हरज्ञान चंद अग्रवाल सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर में कैबिनेट मंत्री श्री प्रेमचंद्र अग्रवाल के पिता एवं विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल जी की 19वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल जी की प्रतिमा का अनावरण किया एवं विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। मुख्यमंत्री श्री धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले लोगो को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने डोईवाला विधानसभा के केशवपुरी में संस्कार केंद्र की चार दिवारी का निर्माण कार्य किए जाने एवं क्रीडा क्षेत्र में क्रीड़ा मैदान बनाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल जी ने संपूर्ण जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने इस क्षेत्र के अंतिम छोर पर खड़े लोगों को हमेशा आगे लाने का कार्य किया। स्वर्गीय मांगेराम अग्रवाल जी के पुत्र श्री प्रेम चंद्र अग्रवाल के अंदर भी वही ललक दिखाई पड़ती है। उन्होंने कहा स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल जी के सपनों के अनुरूप सरकार लगातार जन सेवा का कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हंस फाउंडेशन ने हमेशा सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जन सेवा का कार्य किया है। कोरोना काल में हंस फाउंडेशन द्वारा गरीबों की मदद की गई एवं मरीजों तक ऑक्सीजन सिलिंडर, दवाइयॉ पहुचाई गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने कोरोना पर पूरी तरीके से नियंत्रण किया। भारत ने 02 स्वदेशी कोविड वैक्सीन तैयार की। भारत में कोविड की 200 करोड़ से अधिक वैक्सीन लगाई जा चुकी है। बूस्टर डोज का अभियान भी तेजी से चल रहा है। गरीब कल्याण अन्न योजना से करोड़ों लोगों को मुफ्त में राशन पहुंचाया गया। उन्होंने कहा प्रत्येक ग्राम सभा आदर्श ग्राम सभा बने इसके लिए सरकार ने कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड पूरे हिमालय क्षेत्र को विकास की राह दिखा सकता है। इकोनोमी और इकोलॉजी में संतुलन रखते हुए सतत विकास की रूपरेखा तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा उत्तराखंड को नशा मुक्त करने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 तक उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए पूरे समर्पित भाव से काम करना है।

कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल ने कहा कि स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल जी ने हमेशा गरीबों के हितों एवं समाज के उत्थान हेतु कार्य किया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में शिशु / विद्या मंदिर खोलने का बेड़ा उठाया। संघ के कार्योंं में उनका अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा स्वर्गीय मांगे राम अग्रवाल जी की पुण्यतिथि पर सालों से लगातार वृक्षारोपण के कार्य किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में संस्थापक हंस फाउंडेशन मंगला माता जी, श्री भोले जी महाराज, प्रांत प्रचारक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ श्री युद्धवीर जी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, विधायक श्री बृजभूषण गैरोला एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

 

आयुर्वेदिक यूनिवर्सिटी में नौकरी दिलाने का मामला : डेढ़ करोड़ की ठगी फरार 15 हजार की इनामी महिला महाराष्ट्र से गिरफ्तार

देहरादून, प्रदेश की आयुर्वेदिक यूनिवर्सिटी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से 1.42 करोड़ रुपये की ठगी में वर्ष 2019 से फरार चल रही महिला को एसओजी और नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तार करने वाली टीम को एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने दस हजार रुपये और इनाम के रूप में दिए जाने की घोषणा की।

एसएसपी कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए कप्तान कुंवर ने बताया कि वर्ष 2019 में आजाद डिमरी ने नेहरू कॉलोनी थाने में केस दर्ज कराया। आरोप है कि ओजस्वी एसोसिएट नाम से फर्म संचालित करने वाले मृणाल धूलिया और उसकी पत्नी योगिता धूलिया ने उत्तरांखड आयुर्वेदिक यूनिवर्सिटी में फार्मासिस्ट के पदों पर नौकरी लगवाने और सरकार से 90 पदों का सृजन कराने की एवज में कई बेरोजगारों से 1.42 करोड़ वसूल लिए। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। मृणाल को पुलिस ने सात जुलाई 2020 को गिरफ्तार कर लिया था। योगिता का अब तक पता नहीं लगा। उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित हुआ। पुलिस टीम को भनक लगी कि योगिता रायगढ़, महाराष्ट्र में रह रही है। वहां टीम पहुंची तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहां वह अपनी पहचान छिपाकर एप्टेक कंप्यूटर सेंटर में कंप्यूटर शिक्षक के तौर पर नौकरी कर रही थी। आरोपी योगिता धूलिया (38) पत्नी मृणाल धूलिया निवासी धूलकोट, राजवाट कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल हाल निवासी फ्लैट दव 401 बिल्डिंग नम्बर-12 ए-विंग गार्डिनिया तलोजा रायगढ़ नवी मुम्बई को वहां कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर दून लाया गया। यहां रविवार को कोर्ट में पेश किया गया।

 

एलआईसी कर्मचारी संगठनों की मांग: निजी क्षेत्रों में महिलाओं को पुरुषों के समान अधिकार दिये जाएं

देहरादून, एलआईसी कर्मचारी संगठन ने निजी क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि निजी क्षेत्रों में महिलाओं को वो अधिकार नहीं मिलते हैं, जो सार्वजनिक क्षेत्र में दिए जाते हैं।

संगठनों का पांच दिवसीय अधिवेशन रविवार को एलआईसी के मंडल कार्यालय में संपन्न हुआ। इस दौरान मुख्य वक्ता नॉर्थ सेंट्रल जोन इंश्योरेंस एंपलाइज फेडरेशन की क्षेत्रीय संयोजिका गीता शांत ने संगठित और असंगठित क्षेत्र में महिला कामगारों के मुद्दों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पब्लिक सेक्टर में महिलाओं को पुरुषों के समान सभी अधिकार प्राप्त हैं, लेकिन निजी क्षेत्र में महिला कामगारों की स्थिति दोयम दर्जे की है। निजी क्षेत्र का एकमात्र मकसद मुनाफा कमाना है। संगठन के वरिष्ठ नेता सीपी नैथानी ने कोरोना काल को देखते हुए भविष्य की चुनौतियों के प्रति आगाह किया। देहरादून डिवीजन इंश्योरेंस एंप्लाइज यूनियन के महासचिव नंदलाल शर्मा ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के प्रतिष्ठान बेहतर काम कर रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें निजी हाथों में सौंपा जा रहा है। मौके पर गीता जोशी, मंजूषा मतिमान, बीना पांथरी, शशि, तुलसी, नीता बिष्ट, सुमन डंडरियाल, कृष्णा टिक्क, जमुना पयाल, मीनाक्षी गोयल, नीरजा वालिया, निर्मल कैंतुरा, मदन सिंह पंवार, आशीष राठौर, गिरिवर सिंह, किशन सिंह, अरुण कैंथोला, तन्मय ममगाईं, मनोहर सिंह, भारती सूद आदि मौजूद थे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments