देहरादून। परेड ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय ‘आर्किटेक्स–द आर्किटेक्चरल एक्सपो‘ का समापन हो गया। अंतिम दिन पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। गढ़वाल बैंड और जुन्याली ग्रुप ने पारंपरिक स्वागत गीत से उनका अभिनंदन किया।
समापन अवसर पर आरजे कुमार गौरव भट्ट के संचालन में विशेष पैनल चर्चा आयोजित हुई, जिसमें प्रेम सिंह खिमाल, आशीष अरोड़ा, सुनील बिष्ट, एस.एन. प्रजापति, मनोज कुमार, पंकज करगेती और रितेश सिंह शामिल हुए। वक्ताओं ने वास्तुकला, इंटीरियर डिजाइन, एमएसएमई और आधुनिक निर्माण तकनीकों पर चर्चा करते हुए कहा कि उत्तराखंड में यह क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है और ऐसे आयोजन युवाओं व उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा करते हैं।
मुख्य अतिथि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदर्शनी के स्टॉलों का निरीक्षण कर नई तकनीकों व उत्पादों की जानकारी ली और इसे रोजगार व निवेश के लिए मददगार बताया। तीन दिनों तक चले इस एक्सपो में आर्किटेक्ट्स, डिजाइनरों, विद्यार्थियों और आम जनता की भारी भीड़ देखने को मिली।




