रुद्रप्रयाग- सीएम पोर्टल पर लम्बित 91 शिकायतों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई उन्होंने सभी अधिकारियों को लंबित शिकायतों का यथाशीघ्र व अनिवार्य रूप से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण हेतु नामित नोडल अधिकारियों को भी तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्देशित किया कि शिकायत का निस्तारण होने पर उससे संबंधित शिकायतकर्ता को भी अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि जनपद स्तर पर सीएम पोर्टल पर एल-1 स्तर पर 81 और एल-2 स्तर पर 10, कुल 91 शिकायतें निस्तारण हेतु लंबित हैं।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं वर्चुअल माध्यम से सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की थी और सभी जिलाधिकारियों को लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए थे।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद में साप्ताहिक रूप से सीएम पोर्टल की समीक्षा की जाती है। अधिकांश शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जा रहा है और जो शिकायतें लंबित हैं, उनके लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दे दिए गए हैं।
इस दौरान बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पारुल गोयल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी आशीष रावत, जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, प्रभारी मुख्यमंत्री शिकायत प्रकोष्ठ विनोद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




