हैवानियत : सड़क पर दौड़ाते रहे कार, नोचते रहे शरीर, विरोध करने पर सहेली को फेंका बाहर

0
902

बुलंदशहर, यूपी के बुलंदशहर से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक जघन्य अपराध सामने आया है। मेरठ नेशनल हाईवे पर चलती कार में तीन आरोपियों ने एक नाबालिग युवती के साथ गैंगरेप किया, जबकि विरोध करने पर उसकी सहेली को चलती कार से बाहर फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 6 मई की है। आरोपियों ने दो सहेलियों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर अगवा कर लिया था। इसके बाद, बुलंदशहर में मेरठ नेशनल हाईवे पर चलती कार में एक नाबालिग युवती के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया।
बताया गया है कि जब दूसरी युवती ने इस घटना का विरोध किया और आरोपियों को थप्पड़ मारा, तो उन्होंने उसे चलती कार से लात मारकर नीचे फेंक दिया। पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने युवती को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती तौर पर जानी पुलिस ने सड़क पर पड़े युवती के शव को एक सामान्य सड़क हादसा माना और उसे मोर्चरी में रखवा दिया था, बिना उसकी पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास किए।
बाद में खुलासा हुआ कि मृतका बिहार की रहने वाली थी और गौतमबुद्ध नगर के सूरजपुर क्षेत्र में रहती थी, जहां वह एक होटल में काम करती थी। वहीं, जिस नाबालिग पीड़िता के साथ गैंगरेप हुआ, उसने खुर्जा में कार से कूदकर अपनी जान बचाई। पीड़िता ने इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी और पूरी आपबीती सुनाई।
पीड़िता, जो प्रतापगढ़ जिले के चिलबिला की निवासी है और गौतमबुद्ध नगर के सूरजपुर क्षेत्र में रहती है, ने पुलिस को बताया कि 6 मई को उसके परिचित अमित नामक युवक ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। अमित ने उसे अपनी सहेली के साथ बताई गई जगह पर पहुंचने को कहा। वहां अमित अपने दोस्त संदीप के साथ मौजूद था। अमित ने दोनों लड़कियों को कार में बैठा लिया और देर रात एक और साथी को भी कार में साथ ले लिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि कार में आरोपियों ने उन्हें जबरदस्ती शराब पिलाई, मारपीट की और उसके साथ गैंगरेप किया। जब उसकी सहेली ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे लात मारकर चलती कार से नीचे फेंक दिया।
पीड़िता ने बताया कि वह खुर्जा में किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर भाग निकली। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ खुर्जा कोतवाली में अपहरण, हत्या और गैंगरेप की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मृतका का पोस्टमार्टम भी कराया गया है, जिसमें उसके चेहरे, माथे, हाथ और पैर पर चोटों के 12 निशान मिले हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है(साभार उत्तम हिन्दू न्यूज)।