12 साल से अधिक उम्र के बच्चों को लग सकेगी Covovax वैक्सीन, DCGI ने दी आपात मंजूरी

0
561

सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (serum institute of india) के सीईओ अदार पूनावाला ने बुधवार को बताया कि एसआईआई (SII) के कोवोवैक्स ( Covovax) को DGCI द्वारा वयस्कों और 12 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों के लिए आपातकालीन इस्तेमाल की मंजूरी दे दी है.वैश्विक परीक्षणों में नोवावैक्स ने 90% से अधिक प्रभावकारिता का प्रदर्शन किया है. कोवोवैक्स को 12 से 17 साल के बच्चों के लिए विकसित किया गया है. ऐसे में देश में 18 साल से कम उम्र के लोगों के लिए उपलब्ध यह कोरोना का चैथा टीका होगा.

इस टीके को लेकर सीरम इंस्टीट्यूट में निदेशक प्रकाश कुमार सिंह का कहना है कि 12 से 17 साल के लगभग 2707 बच्चों पर दो अध्ययनों के बाद पाया गया कि कोवोवैक्स अधिक असरदार, अधिक प्रतिरोधक क्षमता उत्पन्न करने वाला सुरक्षित टीका है. आपको बता दें कि भारत में 15-18 साल के किशोरों के लिए भारत बायोटेक के टीके ‘कोवैक्सिन’ का उपयोग किया जा रहा है. इससे पहले 6 मार्च को देश के केंद्रीय औषधि प्राधिकरण की एक एक्सपर्ट कमेटी ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) की कोविड-19 वैक्सीन कोवोवैक्स को 12 से 17 साल के बच्चों के लिए इमरजेंसी यूज की सिफारिश की थी. भारत के ड्रग कंट्रोलर जनरल (डीसीजीआई) ने 28 दिसंबर को वयस्कों में आपात स्थिति में सीमित उपयोग के लिए कोवोवैक्स को स्वीकृति दी थी. सीरम इंस्टीट्यूट में सरकारी और नियामक मामलों के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने डीसीजीआई को एक आवेदन 21 फरवरी को दिया था और 12 से 17 साल की उम्र के बच्चों के लिए कोवोवैक्स के लिहाज से इमरजेंसी इस्तेमाल की इजाजत मांगी थी. केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की कोविड-19 पर विषय विशेषज्ञ समिति ने शुक्रवार 4 मार्च को एसआईआई के आवेदन पर विचार-विमर्श किया और कोवोवैक्स को ईयूए देने की सिफारिश की थी.

ईयूए के आवेदन में प्रकाश कुमार ने कहा था कि 12 से 17 साल के करीब 2,700 बच्चों पर किये गये दो अध्ययन के आंकड़े दिखाते हैं कि कोवोवैक्स बहुत प्रभावी, प्रतिरक्षा जनक और सुरक्षित है. सिंह के हवाले से एक सूत्र ने कहा था, ”यह मंजूरी न केवल हमारे देश के लिए बल्कि पूरी दुनिया के लिए लाभकारी होगी और दुनिया के लिए भारत में उत्पादन करने की प्रधानमंत्री की सोच को साकार करेगी. कोवोवैक्स हमारे देश और दुनिया के बच्चों को कोविड-19 के खिलाफ सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और दुनिया में हमारे तिरंगे को ऊंचा रखेगा.”

देश में कोरोना के मामले ना के बराबर

देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 4 हजार 575 नए संक्रमित सामने आए हैं और 145 लोगों की मौत हो गई है. इसी दौरान 7 हजार 416 कोरोना मरीज ठीक होकर घर लौटे हैं. जिसके बाद एक्टिव केसों की संख्या भी घटकर 50 हजार से कम होकर 46,962 रह गई है. आपको बता दें कि, देशभर में मंगलवार तक कोरोना वैक्सीन की कुल 179 करोड़ 33 लाख 99 हजार 555 डोज दी जा चुकी है.