देहरादून, राजधानी के क्लेमेन्टाउन थाना क्षेत्र से एक 65 वर्षीय विधवा महिला ने अपने बड़े बेटे और बहू पर न केवल मकान पर जबरन कब्जा जमाने का आरोप लगाया है, बल्कि उन पर जानलेवा हमला करने और लगातार धमकाने की शिकायत भी दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता श्रीमती सत्या राठौर पत्नी स्व. रूली राम राठौर निवासी टर्नर रोड क्लेमेन्टाउन ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वे चलने-फिरने में असमर्थ हैं। उनकी देखभाल उनका छोटा बेटा प्रियंक राठौर तथा उसकी पत्नी पूनम राठौर करते हैं। जबकि बड़ा बेटा दीपक राठौर और उसकी पत्नी बबीता राठौर पहले बेदखल किए जाने के बावजूद मकान में अब भी जबरन रह रहे हैं।
महिला का आरोप है कि बड़े बेटे दीपक राठौर ने धोखे से 18 जून 2025 को सहारनपुर की तहसील बेहट में उनकी 16 बीघा भूमि की रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली है। इस रजिस्ट्री को निरस्त कराने के लिए उन्होंने न्यायालय में वाद दायर कर रखा है। इसी वजह से आरोपी बेटा उन्हें और छोटे बेटे के परिवार को वाद वापस लेने का दबाव बनाता है। तहरीर में लिखा गया है कि 16 अगस्त की रात करीब 10 बजे बड़े बेटे ने फोन कर उन्हें बाहर बुलाया। बाहर आते ही दीपक और उसकी पत्नी बबीता ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। उनके हाथों और चेहरे पर वार किया गया। शोर सुनकर छोटा बेटा और बहू बचाव के लिए आए तो उनसे भी मारपीट की गई। पीड़िता ने थानाध्यक्ष क्लेमेन्टाउन से मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। तहरीर को पुलिस ने दर्ज कर लिया है।
दीपक राठौर ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि 16 अगस्त की रात करीब 10 बजकर 20 मिनट पर वह अपनी मां सत्या राठौर से घर में एक कमरा दिए जाने की बात कर रहे थे। तभी छोटा भाई प्रियंक राठौर और उसकी पत्नी पूनम राठौर बीच में आ गए और कमरे देने से साफ इनकार कर दिया। विरोध करने पर आरोप है कि छोटे भाई ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वह फर्श पर गिर गए।दीपक का कहना है कि इसके बाद उनकी मां और पूनम ने उनकी टांग पकड़ ली और प्रियंका राठौर ने डंडे से हमला कर उनका हाथ तोड़ दिया तथा पैरों पर भी चोट पहुंचाई। शोर सुनकर उनकी पत्नी बबीता राठौर बचाव के लिए आईं तो उस पर भी हमला किया गया। तहरीर के अनुसार, पूनम राठौर ने बबीता राठौर का कुर्ता फाड़ दिया और उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस घटना से उनका परिवार भयभीत हो गया है। दीपक ने आरोप लगाया है कि घटना में एक अन्य व्यक्ति अब्दुल मलिक भी शामिल था, जो लगातार उन पर घर बेचने का दबाव बना रहा है। दीपक राठौर ने बताया कि घटना में उनका हाथ टूट गया है और इसका मेडिकल प्रमाणपत्र भी उन्होंने पुलिस को सौंपा है। उन्होंने थानाध्यक्ष क्लेमेन्टाउन से मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।



Recent Comments