आगरा, यूपी के आगरा में एक टोलकर्मी को टोल टैक्स मांगना उस समय भारी पड़ गया, जब कार सवार ने पहले उस पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की, और फिर कार के बोनट पर एक किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
घटना आगरा के थाना खंदौली टोल प्लाजा की है। जानकारी के अनुसार, गाड़ी में फास्टैग न होने पर टोल कर्मियों की कार सवार से बहस हुई। इसके बाद कार सवार तेजी से जाकर कार में बैठ गया। टोल न देने पर गुस्साए टोल कर्मी ने कार सवार को रोकने की कोशिश की। फिर कार चालक बाहर निकला और टोलकर्मियों से बहस की। इसके बाद भी टोलकर्मी नहीं हटे तो कार चालक ने कार में बैठकर कार चला दी। टोलकर्मी नहीं हटे तो एक टोल कर्मी को बोनट पर लेकर बैरिकेड तोड़ते हुए निकल गया। कार सवार ने टोल कर्मचारियों पर कार चढ़ाने का प्रयास किया तो जान बचाने के लिए एक टोलकर्मी कार के बोनट पर चढ़ गया था। कार सवार एक किलोमीटर तक उसे लटकाकर ले गए। टोलकर्मी ने कूदकर अपनी जान बचाई, हालांकि वह घायल हो गया।
यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जानकारी दी जा रही है कि फास्टैग ब्लैक लिस्ट आने पर टोलकर्मियों ने पैसा मांगा था। पुलिस ने शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।




