देहरादून। प्रदेश में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड सरकार लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सूचना प्रौद्योगिकी, सुराज तथा परिवहन मंत्री ने देहरादून स्थित उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट), विज्ञान धाम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन विश्वस्तरीय ‘साइंस सिटी’ का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया और विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
**गुणवत्ता से समझौता न हो, तय समय में पूरा हो काम**
निरीक्षण के दौरान मंत्री जी ने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि साइंस सिटी का निर्माण कार्य उच्चतम गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार उत्तराखंड को देश का प्रमुख विज्ञान, नवाचार और आईटी हब बनाने के लिए संकल्पबद्ध है।
**युवाओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान**
कैबिनेट मंत्री ने कहा, “साइंस सिटी केवल एक कंक्रीट का ढांचा नहीं, बल्कि हमारी नई पीढ़ी और युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला केंद्र बनेगी। यहाँ रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), स्पेस टेक्नोलॉजी (एस्ट्रोनॉमी) और आधुनिक नवाचार प्रयोगशालाओं जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएँ विकसित की जा रही हैं।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रहना नहीं, बल्कि व्यावहारिक गतिविधियों (*Hands-on Learning*) और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना है, ताकि प्रदेश का युवा अनुसंधान और स्वरोजगार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर सके।
**सूचना प्रौद्योगिकी की योजनाओं और रक्षाबंधन का संदेश**
भ्रमण के दौरान मंत्री जी ने सूचना प्रौद्योगिकी और परिवहन विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में पॉडकास्ट के माध्यम से जनता को जागरूक किया। इसके अलावा, उन्होंने ‘विज्ञान वाणी 88.8 एफएम’ के माध्यम से प्रदेश की सभी बहनों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विज्ञान जनसंचार के क्षेत्र में ‘विज्ञान वाणी’ पहल की सराहना करते हुए इसे बेहद जनोपयोगी बताया।
समीक्षा बैठक के दौरान यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) दुर्गेश पंत ने मंत्री जी को परिषद के विभिन्न संभागों, वर्तमान परियोजनाओं और आगामी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर यूकॉस्ट के तमाम वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Recent Comments