आधुनिक सुविधाओं से युक्त ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के भवन का कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने किया लोकार्पण

0
129

(देवेन्द्र चमोली )
रुद्रप्रयाग- जनपद के रैंतोली में आज आधुनिक सुविधाओं युक्त ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के नव निर्मित भवन का प्रदेश के ग्राम्य विकास एवं खादी ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी ने लोकार्पण किया, ग्रामीण निर्माण विभाग रुद्रप्रयाग द्वारा 564 .76 लाख की लागत से बने इस भब्य भवन के लोकार्पण अवसर पर एसबीआई के अधिकारी, समूहों से जुड़ी महिलाएं एंव प्रशिक्षित उद्यमी छैत्रीय जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिला पंचायत अध्यक्षा पूनम कठैत की अध्यक्षता में हुये लोकार्पण कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने में आरसेटी के नवनिर्मित भवन की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। संस्थान के माध्यम से ग्रामीण बेरोजगार युवक-युवतियों को उनकी रुचि, कौशल एवं स्थानीय संसाधनों के अनुरूप रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने तथा आजीविका के नए अवसर विकसित करने में सहायता मिलेगी।
भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से आधुनिक सुविधाओं युक्त निर्मित इस भब्य भवन में प्रशिक्षणार्थियों के लिए कंप्यूटर लैब, वर्कशॉप, आवास की व्यवस्था भी उपलब्ध है। भवन का निर्माण कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग, प्रखंड रुद्रप्रयाग द्वारा किया गया है। नए भवन के शुरू होने से जनपद के ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगारपरक प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
बता दें कि आरसेटी में विभिन्न रोजगारपरक पाठ्यक्रमों एवं उद्यमिता विकास कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों को तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जाती है। इसके साथ ही व्यवसाय शुरू करने, बाजार की मांग को समझने, उत्पाद की गुणवत्ता बनाए रखने, विपणन तथा वित्तीय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी भी दी जाती है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद प्रतिभागियों को अपने कौशल एवं स्थानीय संसाधनों के आधार पर स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान आरसेटी से प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार स्थापित करने वाले सफल उद्यमियों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कर अन्य लोगों को भी स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बेकरी व्यवसाय से जुड़े सोहन सिंह बिष्ट, मशरूम उत्पादन में बबीता रावत, ट्रैक सूट निर्माण में पंकज बिष्ट, पोल्ट्री फार्मिंग में सौरभ नेगी, ब्यूटी पार्लर संचालन में प्रमिला देवी तथा डेयरी फार्मिंग से जुड़ी राजीव भट्ट सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्वरोजगार कर रहे सफल उद्यमियों को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूह जय मां संतोषी एवं मातृभूमि संगठन की महिलाओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, रेडक्रास सोसायटी के अजय सेमवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य मंजू ममगाईं, ग्राम प्रधान अमित सजवाण, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र महेश प्रकाश, क्षेत्रीय प्रबंधक आरसेटी रवि शंकर सिन्हा, निदेशक आरसेटी अरुण कुमार, लीड बैंक मैनेजर अनूप सिंह असवाल, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग डॉ. मीनल गुलाटी, खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि सुरेश शाह सहित संबंधित विभागों एवं बैंक के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षु एवं आम जनमानस उपस्थित रहे।