Friday, July 24, 2026
HomeTechnologyसतपुली में सड़क चौड़ीकरण के दौरान बोलेरो पर गिरा बोल्डर, एक की...

सतपुली में सड़क चौड़ीकरण के दौरान बोलेरो पर गिरा बोल्डर, एक की मौत, दो घायल

कोटद्वार।  कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर आज दर्दनाक हादसा हो गया। सतपुली मल्ली मार्ग पर एक बोलेरो वाहन पर बोल्डर गिर गया। बोलेरो में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार, घटना करीब तीन बजे की है। सड़क चौड़ीकरण के दौरान पहाड़ से एक विशाल बोल्डर अचानक नीचे आ गिरा। उस समय गाजियाबाद नंबर की एक बोलेरो गुमखाल से सतपुली की ओर जा रही थी। बोल्डर सीधे बोलेरो के ऊपर गिरने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दर्दनाक हादसे में चालक के साथ बैठे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और क्षतिग्रस्त हुए वाहन में बुरी तरह फंस गए।
कटर मशीन से काटना पड़ा वाहन:
घटना की सूचना मिलने पर सतपुली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अनिल चौहान ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान क्षतिग्रस्त बोलेरो में फंसे एक घायल को निकालने के लिए कटर मशीन की मदद से वाहन को काटना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद घायल को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक की पहचान केरल निवासी श्रीकांत (45) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में सरनजीत (61) निवासी दिल्ली एवं उदय (दिल्ली) निवासी बंगाल शामिल हैं। तीनों गाजियाबाद में एक प्राइवेट कंपनी में काम करते थे। मृतक एवं घायलों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments