देहरादून,। सखा ट्रस्ट के फाउंडेशन वीक के अंतर्गत रविवार को ब्रह्मपुरी चौक, निरंजनपुर स्थित कम्प्यूटर केयर इंस्टीट्यूट में रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया, जिसमें संस्था के वॉलंटियर्स और स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर वार्ड नंबर 74 के पार्षद श्री सतीश कश्यप जी तथा वार्ड नंबर 76 की पार्षद के सुपुत्र श्री सुधांशु पुंडीर मुख्य रूप से उपस्थित रहे, और उन्होंने इस आयोजन को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए सखा ट्रस्ट की पहल की सराहना की। इस कार्यक्रम में जगतबन्धु सेवा ट्रस्ट के संस्थापक श्री सुमित प्रजापति ने भी अपना रक्तदान कर अहम भूमिका निभाई और सहयोग प्रदान किया, जिससे युवाओं को प्रेरणा मिली। कार्यक्रम के सफल संचालन में कम्प्यूटर केयर इंस्टीट्यूट का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा, जिसने न केवल स्थान उपलब्ध कराया बल्कि सभी आवश्यक व्यवस्थाओं में सक्रिय भागीदारी निभाई। यह पूरा आयोजन सखा ट्रस्ट की अध्यक्ष देव सिंह चौहान के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिनकी प्रेरणा और नेतृत्व में संस्था निरंतर समाज सेवा की दिशा में आगे बढ़ रही है। सखा ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बताया कि फाउंडेशन वीक के अंतर्गत विभिन्न सामाजिक गतिविधियाँ जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा रक्तदान शिविर इस कड़ी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा, जिसने युवाओं को समाज सेवा की मुख्यधारा से जोड़ते हुए मानवता और करुणा का सशक्त संदेश दिया।



Recent Comments