हरिद्वार, जनपद के रुड़की में सिंचाई विभाग में वैज्ञानिक सहायक के पद पर कार्यरत महिला अधिकारी ने अपने सरकारी आवास पर फंदे पर लटकती हुई मिली। पुलिस ने दरवाजा तुड़वाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। महिला सुबह अपनी बच्ची को स्कूल छोड़कर आई थी। महिला के पति छुट्टी पर घर आए थे और दो दिन पहले ही लौटे थे।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर गंगनहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत आईआरआई कालोनी में रहने वाली सिंचाई विभाग में वैज्ञानिक सहायक के पद पर तैनात 35 वर्षीय मनीषा पत्नी सन्नी सिंह के आवास पर पड़ोस में रहने वाली एक महिला किसी काम से गई। लेकिन दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने दरवाजा खटखटाया, तो भी दरवाजा नहीं खुला। काफी देर तक भी जब दरवाजा नहीं खुला तो महिला ने इस बात की जानकारी अन्य अन्य लोगों को दी। उन्होंने भी काफी आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया। लेकिन कोई जवाब नहीं आया। अनहोनी की आशंका में पड़ोसियों ने गंगनहर कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सूचना पर गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ऐश्वर्य पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने जैसे-तैसे दरवाजा खोला। जब पुलिस टीम भीतर गई तो महिला का शव पंखे से लटका हुआ था। पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।
इंस्पेक्टर ऐश्वर्य पाल ने बताया कि महिला के पति आईटीबीपी में तैनात हैं। वह छुट्टी पर घर आये हुए थे और दो दिन पहले ही वापस ड्यूटी पर लौटे थे। महिला की एक बेटी है। मंगलवार सुबह मृतका अपनी बेटी को स्कूल छोड़कर आई थी और इसके बाद से वह घर का दरवाजा बंद करके अंदर चली गई थी। इसके बाद वह आज ऑफिस भी नहीं गई थी। बेटी को स्कूल छोड़ने आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चला है। कोई सुसाइड नोट भी अभी नहीं मिला है। मामले की जांच पड़ताल अभी चल रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।




