Friday, May 3, 2024
HomeUncategorizedसरकारी छुट्टी से अलग….जानिए "ईगास" के पौराणिक महत्व और मनाने के तौर...

सरकारी छुट्टी से अलग….जानिए “ईगास” के पौराणिक महत्व और मनाने के तौर तरीकों को भी

देहरादून, साल दर साल होने वाली सरकारी छुट्टियों से अलग पहाड़ की समृद्ध संस्कृति को रोशन करने वाले बग्वाल त्योहार का नाम है इगास | ज्योति पर्व दीपावली के ठीक 11 दिन बाद इस कार्तिक शुक्ल एकादशी के दिन पहाड़ दोबारा रोशनी से भर जाता है | अब चूंकि मसला सामाजिक सांस्कृतिक से बढ़ते हुए राजनैतिक भी हो गया है लिहाजा इस बार भी पारंपरिक त्यौहार ईगास मनाने के लिए राज्य सरकार की छुट्टी वाली घोषणा भी हो गयी है | ऐसे में हमारा आपका सबका जानना जरूरी हो जाता है, उत्तराखंड के इस सबसे लोकप्रिय त्यौहार को मनाने के कारण और पारंपरिक तौर तरीके को |
पहाड़ की दीपावली, इगास को मनाने के पीछे दो प्रमुख कारण सर्वविदित हैं | पहले कारण में पौराणिक मान्यताओं के अनुसार प्रभु श्रीराम के वनवास से अयोध्या लौटने पर लोगों ने कार्तिक कृष्ण अमावस्या को दीये जलाकर उनका स्वागत किया था। लेकिन सुदूर गढ़वाल क्षेत्र में प्रभु राम के लौटने की सूचना दीपावली के ग्यारह दिन बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी को मिली | यही कारण है कि इस छेत्र में दीपावली के देर से जलाए गए जो कालांतर में यहाँ इगास के नाम से मशहूर हो गयी |
वही एक दूसरी मान्यता के अनुसार दीपावली के समय गढ़वाल के वीर माधो सिंह भंडारी के नेतृत्व में गढ़वाल की सेना ने दापाघाट, तिब्बत के साथ युद्ध में शानदार जीत प्राप्त की थी। चूंकि सैनिकों के परिजनों समेत आम लोगों ने भी उस वर्ष चिंता में दीपावली नहीं मनाई गयी | और जब युद्ध समाप्त होने के ठीक ग्यारहवें दिन सैनिक अपने घर पहुंचे तभी दीपावली मनाई थी।
वहीं एक मान्यता और है कि हरिबोधनी एकादशी यानी ईगास पर्व पर श्रीहरि शयनावस्था से जागृत होते हैं और इस दिन विष्णु की पूजा का विधान है । उत्तराखंड में कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी से ही दीप पर्व शुरू हो जाता है, जो कि कार्तिक शुक्ल एकादशी यानी हरिबोधनी एकादशी तक चलता है। वहीं शास्त्रों के अनुशार देवताओं ने इस अवसर पर भगवान विष्णु की पूजा की थी । इस कारण इसे देवउठनी एकादशी भी कहा गया।
इगास को लेकर अमूमन प्रत्येक उत्तरखंडी के मन में जो सबसे अमिट तस्वीर उभरती है वह है भैलो खेल की | इस दिन आतिशबाजी के बजाय भैलो खेलने की परंपरा है, जो सदियों पुरानी है। भैलो के लिए रस्सी में चीड़ की लकड़ियों की छोटी-छोटी गांठ बांधी जाती है। जिसके बाद गांव के ऊंचे और खुले स्थान पर पहुंच कर लोग इन लकड़ी के भैलो में आग लगाते हैं। इसे खेलने वाले रस्सी को पकड़कर सावधानीपूर्वक उसे अपने सिर के ऊपर से घुमाते हुए नृत्य करते हैं। इसे ही भैलो खेलना कहा जाता है। इस दौरान कुछ गीत गाने, व्यंग्य-मजाक करने की परंपरा भी है।
इगास के दिन गायों को लेकर विशेष पूजा भी की जाती है | सुबह से लेकर दोपहर तक गोवंश की पूजा करने के बाद मवेशियों को भात, झंगोरा, बाड़ी, मंडुवे आदि से तैयार आहार खिलाया जाता है | इस परंपरा में पहले मवेशियों के पांव धोए जाते हैं और फिर दीप-धूप जलाकर उनकी पूजा की जाती है। माथे पर हल्दी का टीका और सींगों पर सरसों का तेल लगाकर उन्हें परात में सजा अन्न ग्रास दिया जाता है। साथ ही घरों में पूड़ी, स्वाली, पकोड़ी, भूड़ा आदि पकवान बनाकर उन सभी परिवारों में बांटे जाते हैं, जिनकी बग्वाल नहीं होती ।
विगत कुछ दशकों से विकास की चकाचौंध में इगास बग्वाल की रोशनी गुम सी हो गयी थी | लेकिन पिछले कुछ एक सालों में सरकारी और गैर सरकारी कोशिशों ने पहाड़ की इस समृद्ध परंपरा से नज़रें चुराते लोगों को एक बार फिर से पलटकर इसे देखने पर विवश कर दिया है | उम्मीद है कि इगास जैसे पारंपरिक त्यौहार की बढ़ती लोकप्रियता, सांस्कृतिक हीनता से ग्रसित युवा पीढ़ी को फिर से खुद गौरवान्वित होने का अवसर प्रदान करेगी |

 

लोकपर्व ‘इगास’ पर अवकाश की घोषणा, सीएम धामी ने ट्वीट कर दी जानकारी

देहरादून, सरकार ने लोक पर्व इगास पर किया अवकाश घोषित, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर जानकारी दी । गुरुवार शाम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट किया – “उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति कु प्रतीक लोकपर्व ‘इगास’ पर अब छुट्टी रालि। हमारू उद्देश्य च कि हम सब्बि ये त्यौहार तै बड़ा धूमधाम सै मनौ, अर हमारि नई पीढी भी हमारा पारंपरिक त्यौहारों से जुणि रौ”।

“उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति कु प्रतीक लोकपर्व ‘इगास’ पर अब छुट्टी रालि।”
हमारू उद्देश्य च कि हम सब्बि ये त्यौहार तै बड़ा धूमधाम सै मनौ, अर हमारि नई पीढी भी हमारा पारंपरिक त्यौहारों से जुणि रौ। PIC.TWITTER.COM/U4KC7D8ULP

— PUSHKAR SINGH DHAMI (@PUSHKARDHAMI) NOVEMBER 11, 2021

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments