Thursday, July 16, 2026
HomeStatesUttarakhandसिल्क्यारा सुरंग में फिर हादसा, जांच शुरू

सिल्क्यारा सुरंग में फिर हादसा, जांच शुरू

उत्तरकाशी, उत्तरकाशी जिले की सिल्क्यारा सुरंग में एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। शुक्रवार तड़के करीब दो बजे टनल के भीतर कंक्रीट (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक बड़ा ब्लॉक टूटकर गिर गया। इसकी चपेट में आने से झारखंड निवासी 21 वर्षीय श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सुरंग निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही संबंधित विभागों और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, उत्तरकाशी से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर हुआ। निर्माण कार्य के दौरान टनल की शॉटक्रीट लाइनिंग का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे आ गिरा, जिससे वहां कार्य कर रहा श्रमिक उसकी चपेट में आ गया। गंभीर चोट लगने के कारण श्रमिक की मौत हो गई। मृतक की पहचान झारखंड निवासी 21 वर्षीय श्रमिक के रूप में हुई है। हादसे के बाद उसके शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाने में लगे हैं।
टनल परियोजना का निर्माण कार्य देख रही नेशनल हाईवे एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। विभाग की ओर से दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों और अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।
गौरतलब है वर्ष 2023 में उत्तरकाशी में सिल्क्यारा सुरंग का हिस्सा ढह जाने से 41 श्रमिक कई दिनों तक भीतर फंसे रहे थे, जिन्हें लंबे और चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था। एक बार फिर इसी परियोजना में हुए हादसे ने निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के कारणों की तस्वीर साफ हो पायेगी ।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments