संवाददाता- देवेन्द्र चमोली
रुद्रप्रयाग – जनपद में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में 01 जुलाई, 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर उत्तराखण्ड में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) का कार्य आज से शुरू हो गया। बीएलओ द्वारा आज से घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन एवं गणना प्रपत्र भरने का कार्य प्रारम्भ हो कर दिया गया है। मतदेय स्थल संख्या-182, ग्राम कुरझण में 100 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता दाताराम पुरोहित ने लोकतंत्र के प्रति अपनी अटूट आस्था और जागरूकता दिखाते हुए उत्साहपूर्वक अपना गणना प्रपत्र भरकर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को उपलब्ध कराया।
बता दें कि अगस्त्यमुनि विकास खण्ड की ग्राम पंचायत कुरझण के बुजुर्ग मतदाता दाताराम पुरोहित अपनी उम्र का शतक लगा चुके हैं। 100 वर्ष की उम्र में जैसे ही आज से शुरू हुये विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बीएलओ उनके पास पहुंचे तो लोकतंत्र में अपनी अटूट आस्था दीखाते हुये उन्होंने उत्साह पूर्वक गणना प्रपत्र भरा। उम्र के इस पड़ाव में लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी इस तरह सक्रिय सहभागिता मतदाताओं के लिए प्रेरणादायक बन गयी।
जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु 29 मई से 07 जून, 2026 तक बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया था। वर्तमान में जनपद के सभी 362 मतदेय स्थलों के लिए 362 बीएलओ नियुक्त किए जा चुके हैं, जो 08 जून से 07 जुलाई, 2026 तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन एवं गणना प्रपत्र भरने का कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम के अनुसार 14 जुलाई, 2026 को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। इसके पश्चात 14 जुलाई से 13 सितम्बर, 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा उनका निस्तारण निर्धारित समयावधि में किया जाएगा। अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितम्बर, 2026 को किया जाएगा।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों एवं मतदाताओं से अपील की है कि बीएलओ के घर-घर भ्रमण के दौरान उन्हें सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन निर्वाचक नामावली तैयार की जा सकती है, जो लोकतंत्र की मजबूती का आधार है।


Recent Comments