Thursday, January 22, 2026
HomeTrending Nowरेलवे बोर्ड की परीक्षा में नकल का मामला, हुई थी चार लाख...

रेलवे बोर्ड की परीक्षा में नकल का मामला, हुई थी चार लाख डील, एक गिरफ्तार

देहरादून, रेलवे बोर्ड की केंद्रीय ऑनलाइन परीक्षा में नकल का एक और मामला सामने आया है। एसएसपी दून के निर्देश पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक अभ्यर्थी को नकल सामग्री के साथ रंगे हाथों पकड़कर गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पटेलनगर स्थित आईकैट सोल्यूशन परीक्षा केंद्र में उस समय हुई, जब द्वितीय पाली में परीक्षा दे रहे अभ्यर्थी विवेक पुत्र साधुराम, निवासी अचीना, चरखी दादरी (हरियाणा) की गतिविधियाँ वेन्यू कमांडिंग ऑफिसर को संदिग्ध लगीं। तलाशी के दौरान उसकी जैकेट की आस्तीन से नकल पर्ची बरामद हुई, जिसे वह परीक्षा में उपयोग करने के लिए अंदर लेकर आया था।
पुलिस पूछताछ में विवेक ने खुलासा किया कि परीक्षा पास कराने के बदले उसकी हरियाणा के एक व्यक्ति शर्मा से चार लाख रुपये में डील हुई थी। परीक्षा से पहले शर्मा द्वारा बताए गए तीन लोगों से केंद्र के पास उसकी मुलाकात कराई गई, जिन्होंने उसके मोबाइल पर एक प्राइवेट मैसेजिंग एप डाउनलोड किया और उसी एप के माध्यम से मिले उत्तरों को एक पर्ची पर लिखकर उसे दे दिया। अभ्यर्थी इसी पर्ची के सहारे परीक्षा में नकल करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन प्रवेश से पहले ही पकड़ा गया।

पूछताछ से संकेत मिले हैं कि पूरी घटनाक्रम में एक संगठित नकल गिरोह सक्रिय है, जो हरियाणा से संचालित होता है और प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल करवाने के लिए प्राइवेट मैसेंजर एप का इस्तेमाल करता है। पुलिस ने दर्ज किए गए मुकदमे की विवेचना तेज कर दी है और आरोपी के मोबाइल, संपर्कों तथा हरियाणा से जुड़े सभी लिंक खंगाले जा रहे हैं।

प्रकरण में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 661/2025 पंजीकृत किया गया है, जिसमें बीएनएस की धारा 318(2), 318(4), 61(2) तथा लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण अधिनियम 2024 की धारा 3/4/10/11 लगाई गई हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता, कांस्टेबल सौरभ कुमार और कांस्टेबल विनोद कुमार शामिल रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments