Sunday, May 19, 2024
HomeStatesUttarakhandबौन पंजियाला मोटर मार्ग पर वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिरा, दो...

बौन पंजियाला मोटर मार्ग पर वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिरा, दो की मौत और दो घायल

उत्तरकाशी, प्रदेश के उत्तरकाशी और पौड़ी जनपद में सड़क हादसे की खबर है, मिली जानकारी के मुताबिक उत्तरकाशी के बौन पंजियाला मोटर मार्ग पर गत देर रात को एक डंपर वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिरा। जिसमें दो व्यक्तियों की मौत घटनास्थल पर हुई। जबकि दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार गत रात्रि करीब 2:45 बजे एक डंपर वाहन पंजियाला गांव की ओर आ रहा था, लेकिन बीटेक कालेज भवन के निकट डंपर अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर खाई में जा गिरा | दुर्घटना में अरविंद रावत (30) पुत्र ज्ञानेंद्र रावत, राजवीर बिष्ट (31) पुत्र जयवीर बिष्ट दोनों निवासी ग्राम बौन उत्तरकाशी की घटनास्थल पर ही मौत हुई है। जबकि राजाराम बिष्ट पुत्र दलवीर बिष्ट, जितेंद्र सिंह पुत्र जयेन्द्र सिंह दोनों निवासी ग्राम बौन उत्तरकाशी गंभीर घायल हुए हैं।

ताड़केश्वर मार्ग पर कार खाई में गिरी, पत्नि की मौत, पिता पुत्र घायल

दूसरी घटना पौड़ी के रिखणीखाल ब्लाक चखुलियाखाल ताड़केश्वर मोटर मार्ग पर हुई, जहां एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। दुर्घटना में कार सवार महिला की मौत हो गई जबकि, महिला के पति व बच्चे को चोटें आई हुई हैं। घटना रविवार देर शाम की है। तहसील कोटद्वार के अंतर्गत डाडामंडी ग्राम सैंज मल्ला निवासी सुशील कुमार अपने परिवार के साथ ताड़केश्वर मंदिर जा रहे थे,
इसी दौरान मंदिर से करीब तीन सौ मीटर पहले बंदूण बैंड के समीप उनकी कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। कार खाई में गिरने के दौरान सुशील कुमार व उसका तीन वर्षीय बेटा छिटककर पेड़ पर फंस गए। जबकि, उनकी पत्नी संतोषी देवी कार के साथ सात सौ मीटर गहरी खाई में गिर गई।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची रिखणीखाल पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश शर्मा ने बताया कि गंभीर रूप से घायल संतोषी देवी को 108 आकस्मिक चिकित्सा सेवा वाहन की मदद से सतपुली स्थित हंस फाउंडेशन के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल पिता व पुत्र का चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments