देहरादून। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, हाथीबड़कला के विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और भारतीय संस्कृति की छटा बिखेरी। पिछले सप्ताह विद्यालय के विद्यार्थियों और जापान के फुकुई यूनिवर्सिटी मॉडल मिडिल स्कूल (University of Fukui Model Middle School) के विद्यार्थियों के बीच ज़ूम (Zoom) प्लेटफॉर्म के माध्यम से एक विशेष ऑनलाइन सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस संवाद सत्र में कुल 36 भारतीय विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें कक्षा 6 के 30 और कक्षा 7 के 6 विद्यार्थी शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान भारतीय छात्रों ने जापानी विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक त्योहारों, विविध खान-पान और दैनिक जीवनशैली से अवगत कराया। इसके पश्चात हुए संवादात्मक प्रश्नोत्तरी (Q&A) सत्र में दोनों देशों के बच्चों ने एक-दूसरे की दिनचर्या, स्कूल की गतिविधियों और रुचियों के बारे में खुलकर बातचीत की।
विद्यालय के प्राचार्य श्री मयंक शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। विद्यार्थियों के समन्वय और तैयारी में शिक्षिका सुश्री निधि चंद (पीजीटी जीव विज्ञान), सुश्री ममता श्रीवास्तव (टीजीटी हिंदी) तथा शिक्षक श्री निखिल कुमार (पीआरटी) की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जबकि जापान की ओर से शिक्षक श्री कवाई हाजिमे (Kawai Hajime) ने सत्र का समन्वय किया। संपूर्ण कार्यक्रम का तकनीकी संचालन और ऑनलाइन कनेक्टिविटी प्रबंधन श्री चंद्रकांत (पीजीटी कंप्यूटर साइंस) द्वारा सुचारु रूप से किया गया।
प्राचार्य श्री मयंक शर्मा ने इस सफल पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के वैश्विक संवाद विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें विश्व नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।





