गोपेश्वर/ उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों की महिलाओं के पारंपरिक हुनर को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में नाबार्ड समर्थित ‘लूम्स ऑफ नीति-माणा’ परियोजना मील का पत्थर साबित हो रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की त्रैमासिक समीक्षा बैठक हाल ही में जिला सहकारी बैंक, चमोली के सभागार में संपन्न हुई, जिसमें परियोजना की अब तक की प्रगति और भविष्य की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
परियोजना निगरानी एवं समीक्षा समिति (PMRC) की इस बैठक की अध्यक्षता नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक (DDM) चमोली, श्री श्रेयांश जोशी ने की। बैठक में देश के सीमांत इलाकों में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके उत्पादों को बड़े शहरों के बाजारों तक पहुंचाने के ठोस प्रयासों पर जोर दिया गया।
परियोजना से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे हस्तनिर्मित हथकरघा उत्पादों को अब दिल्ली, पुणे और देहरादून जैसे बड़े शहरों की प्रतिष्ठित प्रदर्शनियों में जबरदस्त सराहना मिली है। इन प्रदर्शनियों से न केवल उत्पादों के लिए नए बाजार खुले हैं, बल्कि सीमांत क्षेत्र की महिलाओं के आत्मविश्वास में भी अभूतपूर्व वृद्धि हुई है।
बैठक में जानकारी दी गई कि आने वाले समय में इन उत्पादों की राष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग और विपणन व्यवस्था (मार्केटिंग) को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही, महिलाओं के लिए आकर्षक व किफायती सूट और वस्त्र तैयार करने तथा आय के स्थायी स्रोत विकसित करने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
बैठक में तकनीकी सहयोगी संस्था ‘लूम्स ऑफ लद्दाख’ की संस्थापक श्रीमती अभिलाषा बहुगुणा और कार्यान्वयन एजेंसी ‘मानव सेवा समिति’ के प्रबंधक श्री महेश खंकरियाल ने परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
यंग प्रोफेशनल सुश्री हंसा रावत ने विस्तृत प्रेजेंटेशन के जरिए परियोजना की उपलब्धियों को रखा। इस दौरान नए उत्पादों के नमूने तैयार करने, सामूहिक लेखा-जोखा रखने, बाजार से सीधा जुड़ाव बढ़ाने और स्थानीय ग्रामीण स्नातकों को प्रबंधन एवं संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने पर भी सहमति बनी।
‘लूम्स ऑफ नीति-माणा’ परियोजना केवल हथकरघा उत्पादों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत के वाइब्रेंट विलेज और सीमांत क्षेत्रों की महिलाओं की कला को पुनर्जीवित कर उन्हें आर्थिक स्वावलंबन की मुख्यधारा से जोड़ने का एक अनूठा मॉडल बनकर उभर रही है। बैठक में जिला सहकारी बैंक चमोली के महाप्रबंधक श्री सूर्य प्रकाश सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





