देहरादून, । कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज दून विहार सेंट्रल पार्क में आयोजित लोकपर्व इगास बग्वाल कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिथियों का पारंपरिक गढ़वाली वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के साथ भव्य स्वागत किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पारंपरिक रूप से भैलो खेलकर लोकपर्व इगास बग्वाल का उत्सव मनाया और क्षेत्रवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने लकी ड्रॉ प्रतियोगिता में शामिल विजेताओं को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार स्कूटी, द्वितीय पुरस्कार फ्रिज तथा तृतीय पुरस्कार टीवी प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त कुल 51 विजेताओं को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेश वासियों इगास बग्वाल की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “इगास बग्वाल” केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध देवभूमि की लोक संस्कृति, आस्था और गौरवशाली परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने आगे कहा कि आधुनिकता की दौड़ में अपनी जड़ों, बोली-भाषा और लोक पर्वों से जुड़े रहना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि हमारी आने वाली पीढ़ियां भी अपनी इस अनमोल विरासत को जान सकें और उस पर गर्व कर सकें। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि दून विहार परिवार द्वारा आयोजित यह भव्य उत्सव हमारी सांस्कृतिक एकता को और मजबूत करता है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आयोजकों को आयोजन की बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में हमारी सरकार लोक पर्वों को नई पहचान दिलाने का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड के लोकपर्व हमारी अस्मिता, स्वाभिमान और सांस्कृतिक पहचान के संवाहक हैं। आज जिस भव्यता, उत्साह और उमंग के साथ राजधानी देहरादून में इगास का पर्व मनाया जा रहा है, वह अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है। ऐसे आयोजन प्रवासियों और युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं। हमारी सरकार और संगठन प्रदेश की लोक संस्कृति, लोक कला और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पूरी तरह संकल्पित हैं।
कार्यक्रम में जागर सम्राट पद्मश्री प्रीतम भरतवाण एवं लोक कलाकार शनि दयाल ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। लोकगीतों और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय पार्षद मीनाक्षी नौटियाल, मंडल उपाध्यक्ष संजय नौटियाल एवं दून विहार कॉलोनी के निवासियों के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ॰ बीकेएस संजय, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, भाजपा नेता पूनम नौटियाल, निर्मला जोशी सहित क्षेत्र के समस्त पार्षद ग्राम प्रधान सहित समस्त क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।





