धर्मपुर विधानसभा में एसआईआर के तहत लगभग 57 हजार वोट कटने का दावा, लोकतांत्रिक अधिकारों पर उठे गंभीर सवाल : डॉ. गोगी

0
11

देहरादून, महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। कांग्रेस का दावा है कि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में SIR प्रक्रिया के दौरान लगभग 57 हजार मतदाताओं के वोट कटने की बात सामने आई है, जिससे क्षेत्र में कांग्रेस को राजनीतिक नुकसान भी हुआ है और मतदाता सूची की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए हैं।
इस संबंध में महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है। यदि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाते हैं, तो यह सुनिश्चित करना निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है कि किसी भी पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार प्रभावित न हो।
डॉ. गोगी ने कहा कि SIR जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना होना चाहिए, न कि पात्र मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित होने की स्थिति में छोड़ देना। धर्मपुर विधानसभा में लगभग 57 हजार वोट कटने का दावा अत्यंत गंभीर विषय है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि कितने नाम हटाए गए, किन कारणों से हटाए गए तथा कितने मतदाताओं को अपना पक्ष रखने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि “लोकतंत्र में हर वोट की अपनी अहमियत है। किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना उचित प्रक्रिया और सत्यापन के मतदाता सूची से नहीं हटाया जाना चाहिए। यदि बड़ी संख्या में नाम हटने से कांग्रेस को राजनीतिक नुकसान हुआ है, तो उससे भी बड़ा सवाल आम नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों का है। मतदाता सूची में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना निर्वाचन आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है।”
डॉ. गोगी ने मांग की कि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में SIR के दौरान हटाए गए मतदाताओं के नामों का बूथवार विवरण सार्वजनिक किया जाए, नाम हटाने के कारणों की समीक्षा की जाए तथा पात्र मतदाताओं को अपना नाम पुनः जुड़वाने के लिए पर्याप्त समय और उचित अवसर दिया जाए।
उन्होंने कहा कि महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। कांग्रेस की मांग है कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह हो, ताकि किसी भी पात्र नागरिक को अपने मताधिकार से वंचित न होना पड़े।
इस मौके पर BLA 1 आशीष कुमार, प्रदेश महासचिव याकूब सिद्दीकी,लॉक अध्यक्ष ललित बद्री, वीरेंद्र पंवार, मुकीम अहमद भूरा, पार्षद ज़ाहिद अंसारी, इतायत ख़ान रमेश कुमार मंगू, सुरेंद्र रंगढ़, दीपक मधवाल, नवीन रमोला, सायेद जमाल, ग्रीश सुंदरियाल, सूरत सिंह लंबा आदि मौजूद थे ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here