देहरादून, राष्ट्रीय खेल दिवस (29 अगस्त) के पूर्व संध्या अवसर पर 27 अगस्त को देशभर में व्यापक स्तर पर ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस राष्ट्रव्यापी आयोजन का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं, उभरते खिलाड़ियों और खेल भविष्य को एक साझा मंच पर जोड़ना तथा खेल संस्कृति को मजबूत करना है।
प्रधानमंत्री मोदी का विशाल युवा संबोधन
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में 27 अगस्त को माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के लगभग 1,600 स्थानों पर एकत्र होने वाले 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे।
‘युवा कनेक्ट’ और 4 मुख्य विषय
कार्यक्रम के तहत देश के प्रत्येक जिले के कम से कम दो प्रमुख महाविद्यालयों में ‘युवा कनेक्ट’ सत्र का आयोजन किया जाएगा। इसमें बीते 12 वर्षों में भारतीय खेल क्षेत्र में हुए आमूलचूल बदलावों और ‘खेल से राष्ट्र निर्माण’ के विजन पर युवाओं के विचार व सुझाव सुने जाएंगे। युवा संवाद को मुख्य रूप से 4 प्रमुख विषयों पर केंद्रित किया गया है:
-
खेल पारिस्थितिकी तंत्र (Ecosystem): जमीनी स्तर तक खेल सुविधाओं, विश्वस्तरीय कोचिंग और अवसरों की पहुंच सुनिश्चित करना।
-
लक्ष्य 2036 ओलंपिक: वैज्ञानिक प्रतिभा पहचान (Talent Identification) और एथलीट विकास के जरिए 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तराशना।
-
युवा नेतृत्व: शासन और नीति-निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना।
-
विकसित भारत विजन: युवा सशक्तिकरण, कौशल विकास और स्वयंसेवा (Volunteering) के माध्यम से देश का विकास।
उत्तराखंड में 13 प्रमुख केंद्रों पर होगा भव्य आयोजन
उत्तराखंड राज्य में इस संवाद कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। राज्य भर के 13 प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों और विश्वविद्यालयों को केंद्र बनाया गया है:
-
गढ़वाल क्षेत्र: एच.एन.बी. सेंट्रल यूनिवर्सिटी (श्रीनगर), राजकीय पी.जी. कॉलेज (कर्णप्रयाग), श्रीदेवसुमन विश्वविद्यालय (टिहरी), पी.जी. कॉलेज (उत्तरकाशी), पी.जी. कॉलेज (अगस्तमुनि) तथा पी.जी. कॉलेज (जखोली)।
-
देहरादून व हरिद्वार: ग्राफिक एरा (देहरादून), डी.वी.एस. कॉलेज (देहरादून), देव संस्कृति विश्वविद्यालय (हरिद्वार) एवं फॉनिक्स यूनिवर्सिटी (रुड़की)।
-
कुमाऊं क्षेत्र: सोबन सिंह जीना यूनिवर्सिटी (अल्मोड़ा), ओपन यूनिवर्सिटी (हल्द्वानी) और ऐशियन ऐकेडमी (पिथौरागढ़)।
कार्यक्रम का समय व आकर्षण
सभी निर्धारित केंद्रों पर अतिथियों, NSS और MY Bharat Volunteers तथा स्थानीय खिलाड़ियों की उपस्थिति सुबह 10:00 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी। प्रधानमंत्री जी के संबोधन के पश्चात 15 मिनट का खुला संवाद सत्र आयोजित होगा। इसके अलावा, QR Code के जरिए युवाओं से सीधे सुझाव संग्रह किए जाएंगे तथा स्थल पर VBYLD Quiz Round का आयोजन भी होगा। कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा बैठक में उत्तराखंड माय भारत के राज्य निदेशक राहुल डबराल, उपनिदेशक अविनाश कुमार सिंह तथा एपीएस धर्म सिंह रावत प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


Recent Comments