Thursday, August 13, 2026
HomeTrending Nowराष्ट्रीय कार्डियोलॉजी क्विज में डॉ. जयकृत चौधरी ने हासिल किया दूसरा स्थान

राष्ट्रीय कार्डियोलॉजी क्विज में डॉ. जयकृत चौधरी ने हासिल किया दूसरा स्थान

देहरादून, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग के डीएम कार्डियोलॉजी फाइनल ईयर रेजीडेंट डॉ. जयकृत चौधरी ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। प्रतिष्ठित जेड.वाई.एम.ई.ए. कार्डियोलॉजी नेशनल क्विज के नेशनल फिनाले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए डॉ. जयकृत चौधरी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। खास बात यह है कि इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के नेशनल फिनाले में उत्तराखंड से चयनित होने वाले वे एकमात्र कार्डियोलॉजिस्ट रहे।
देश के विभिन्न प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों एवं संस्थानों से प्रतिभाग करने वाले चिकित्सकों के बीच आयोजित इस राष्ट्रीय अकादमिक प्रतियोगिता में डॉ. जयकृत ने अपनी चिकित्सकीय दक्षता, क्लिनिकल समझ, त्वरित निर्णय क्षमता और विश्लेषणात्मक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विभिन्न कठिन चरणों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने देश की शीर्ष छह फाइनलिस्ट टीमों में स्थान बनाया और नेशनल फिनाले के लिए क्वालीफाई किया।
नेशनल फिनाले में देशभर की शीर्ष छह फाइनलिस्ट टीमों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले में डॉ. जयकृत चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। उनकी यह उपलब्धि श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, देहरादून और पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है।
डॉ. जयकृत चौधरी की इस उपलब्धि पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के चेयरमैन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने उन्हें एवं कार्डियोलॉजी विभाग की पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन अस्पताल के चिकित्सकों की प्रतिभा, मेहनत और उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा का प्रमाण है।
गौरतलब है कि श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग में डीएम कार्डियोलॉजी की छह सीटें उपलब्ध हैं। विभाग में उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों और अकादमिक उत्कृष्टता पर विशेष जोर दिया जाता है।
कार्डियोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष एवं कैथ लैब डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. तनुज भाटिया ने डॉ. जयकृत चौधरी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के नेशनल फिनाले में पहुंचकर दूसरा स्थान हासिल करना पूरे विभाग के लिए गौरव और उत्साह का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि डॉ. जयकृत की प्रतिभा, परिश्रम और निरंतर अध्ययन का परिणाम है।
जेड.वाई.एम.ई.ए. कार्डियोलॉजी नेशनल क्विज देशभर के युवा एवं प्रतिभाशाली चिकित्सकों के बीच चिकित्सा ज्ञान, क्लिनिकल सोच, त्वरित निर्णय क्षमता और नवीनतम चिकित्सकीय जानकारी को परखने वाली प्रतिष्ठित राष्ट्रीय अकादमिक प्रतियोगिता है। प्रतियोगिता में कार्डियोलॉजी, एंडोक्राइनोलॉजी एवं इंटरनल मेडिसिन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण चिकित्सा विषयों से जुड़े प्रश्नों के माध्यम से प्रतिभागियों की विशेषज्ञता एवं क्लिनिकल समझ का आकलन किया गया।
डॉ. जयकृत चौधरी की इस सफलता ने न केवल श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल और देहरादून का गौरव बढ़ाया, बल्कि राष्ट्रीय मंच पर उत्तराखंड की चिकित्सा प्रतिभा को भी नई पहचान दिलाई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments