यमकेश्वर(पौड़ी), राजकीय इंटर कॉलेज मोहनचट्टी में बुधवार को आयोजित अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) की बैठक में नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इसमें विनोद जुगलान लगातार 26वीं बार निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। लगातार 26वीं बार निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने को विद्यालय के इतिहास में एक विशेष उपलब्धि माना जा रहा है।
बैठक में अध्यक्ष पद के लिए विनोद जुगलान के नाम का प्रस्ताव कुलदीप बिष्ट ने रखा, जबकि जितेंद्र राणा ने उसका अनुमोदन किया। किसी अन्य अभिभावक द्वारा नामांकन नहीं किए जाने पर उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
कार्यकारिणी में राकेश डबराल को उपाध्यक्ष, प्रदीप सरियाल को सदस्य सचिव, शिव सिंह को उप सचिव तथा रविन्द्र बिष्ट को कोषाध्यक्ष चुना गया। उप सचिव पद के लिए शिव सिंह के नाम का प्रस्ताव रीना बिष्ट ने रखा और सीता देवी ने अनुमोदन किया। वहीं कोषाध्यक्ष पद के लिए रविन्द्र बिष्ट के नाम का प्रस्ताव विनोद जुगलान ने रखा, जिसका विनोद बिष्ट ने अनुमोदन किया।
निर्वाचन के दौरान अभिभावकों ने सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का समर्थन किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि विनोद जुगलान ने वर्षों से विद्यालय के विकास, शैक्षिक गतिविधियों को मजबूत बनाने तथा विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसी विश्वास के चलते उन्हें लगातार 26वीं बार यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
निर्विरोध चुने जाने पर विनोद जुगलान ने सभी अभिभावकों और विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह भविष्य में भी विद्यार्थियों के हितों और विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे।


Recent Comments