Tuesday, August 4, 2026
HomeStatesUttarakhandओलंपिक मेजबानी का संकल्प, कावड़ यात्रा निकालेंगी खेल मंत्री रेखा आर्य

ओलंपिक मेजबानी का संकल्प, कावड़ यात्रा निकालेंगी खेल मंत्री रेखा आर्य

देहरादून, खेल मंत्री रेखा आर्या ने भारत को वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी दिलाने के संकल्प के साथ 10 अगस्त को हरिद्वार से ऋषिकेश तक विशेष कावड़ यात्रा निकालने की घोषणा की है। सोमवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि यह 22 किलोमीटर लंबी पैदल यात्रा हर की पौड़ी से शुरू होकर वीरभद्र मंदिर, ऋषिकेश में जलाभिषेक के साथ संपन्न होगी।
रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को खेल महाशक्ति बनाने और 2036 ओलंपिक की मेजबानी दिलाने के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से यह यात्रा आयोजित की जा रही है। भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के माध्यम से देश के खेल क्षेत्र में विश्व अग्रणी बनने और ओलंपिक मेजबानी मिलने की प्रार्थना की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, खेल चेतना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक होगी। उनका विश्वास है कि देवभूमि से उठने वाला यह संकल्प देशभर के युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा।
खेल मंत्री ने बताया कि यात्रा में संत समाज का सानिध्य भी रहेगा। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के संरक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय महामंत्री महंत हरि गिरि महाराज तथा अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र रवींद्र पुरी महाराज विभिन्न चरणों में यात्रा में शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेश और देश के खिलाड़ी, युवा, खेल प्रेमी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी यात्रा का हिस्सा बनेंगे।
रेखा आर्या ने प्रदेश के युवाओं, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों, संत समाज और आमजन से 10 अगस्त को हर की पौड़ी से ऋषिकेश तक आयोजित इस कावड़ यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक संकल्प और आशीर्वाद से भारत खेल महाशक्ति बनने और 2036 ओलंपिक की मेजबानी हासिल करने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments