Thursday, June 4, 2026
HomeTrending Nowरातों-रात बिना अनुमति सड़क काटी, ग्रामीणों का विरोध, नैनबाग क्षेत्र में खनन...

रातों-रात बिना अनुमति सड़क काटी, ग्रामीणों का विरोध, नैनबाग क्षेत्र में खनन विवाद बढ़ा

नैनबाग (शिवांश कुंवर), तहसील नैनबाग क्षेत्र के अंतर्गत बिच्छू व छौती सहित आधा दर्जन गांवों की जमीन पर खनन पट्टा स्वीकृत होने के बाद विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों के लगातार विरोध के बावजूद खनन माफिया ने रात-रात बिना शासन-प्रशासन की अनुमति के चडोगी–कैम्टी मोटर मार्ग से खनन क्षेत्र तक पहुंचने के लिए सड़क काट दी।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर कार्य रुकवाया और जिला प्रशासन से सख्त कार्यवाही की मांग की। ग्रामीणों रामदयाल, सोमवारी लाल नौटियाल सहित सैकड़ों लोगों ने बताया कि रातों-रात सड़क काटने से जल स्रोत, खेतों की क्यारियां और सैकड़ों पेड़ नष्ट हो गए हैं। उनका कहना है कि पुश्तैनी जमीन, जंगल और जल स्रोतों पर खनन किसी भी सूरत में नहीं होने देंगे। यदि शासन-प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो वे व्यापक आंदोलन करेंगे। जबकि आसपास के अन्य ग्रामीणों की आजीविका, मवेशियों के चारागाह और जल स्रोत इसी क्षेत्र पर निर्भर हैं।
घटना की सूचना मिलने पर जिला भूवैज्ञानिक एवं खान अधिकारी रविंद्र सिंह नेगी राजस्व और पुलिस विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि काटी गई सड़क की नाप-छाप की गई, जो लगभग 300 मीटर लंबी, 3.50 मीटर चौड़ी और 3 मीटर ऊँची पाई गई है।
अधिकारी ने कहा कि यदि क्षेत्र में अवैध खनन पाया गया, तो खनन अधिनियम के तहत सख्त कार्यवाही की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कई विभाग एनजीटी के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, जिसके लिए पर्यावरण विभाग को पत्र लिखा जाएगा।
इस मौके पर रामदयाल सजवाण, श्याम चंद, सब्बल सिंह, किशन सजवाण, जगमोहन, संदीप, रामकिशन, जशपाल रावत, बलवंत सिंह, प्रभारी कानूनगो धनी लाल,राजस्व उपनिरीक्षक डी.एस. खडूड़ी सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments