देहरादून, राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने उत्तराखंड के शिक्षा विभाग में बाहरी आउटसोर्सिंग एजेंसियों के जरिए हो रही भर्तियों का कड़ा विरोध किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव प्रसाद सेमवाल ने इन भर्तियों के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है।
सेमवाल ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी के करीब 2300 पदों और कॉलेजों में 140 योग प्रशिक्षकों की भर्तियां बाहरी एजेंसियों से कराई जा रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राज्य में सेवायोजन कार्यालय, उपनल, और पीआरडी जैसी सरकारी एजेंसियां मौजूद हैं, तो फिर बाहर की एजेंसियों को काम क्यों दिया जा रहा है।
सेमवाल ने दावा किया कि इन भर्तियों में रिश्वतखोरी के ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। उन्होंने कहा कि इससे एससी, एसटी, ओबीसी, महिलाओं और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को सही मौका नहीं मिलेगा और न ही योग्य उम्मीदवारों का चयन हो पाएगा। सेमवाल के मुताबिक, जो रिश्वत देगा, उसी की भर्ती की जाएगी।
उन्होंने सरकार से मांग की है कि वायरल ऑडियो की तत्काल जांच कराई जाए, इन भर्तियों पर रोक लगाई जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन एजेंसियों पर रिश्वत लेने के आरोप हैं, उन्हें तुरंत ब्लैकलिस्ट किया जाए। सेमवाल ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानीं तो पार्टी आंदोलन करेगी।



Recent Comments