देहरादून (एल मोहन लखेड़ा), सावन माह की शुरूआत होने के साथ कांवड़ यात्रा शुरू हो गयी, हरिद्वार पहुंच रहे हजारों कांवड़िए गंगा जल लेकर शिवालयों में चढ़ाने के लिये निकल रहे हैं, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार को शुरू हुई कांवड़ यात्रा के पहले दिन से ही हजारों की संख्या में कांवड़िए गंगा जल भरने के लिए धर्मनगरी हरिद्वार पहुंच रहे हैं। करीब एक पखवाड़े तक चलने वाली इस यात्रा में हर साल देश के विभिन्न राज्यों से कांवड़िए हरिद्वार से गंगा जल भरकर ले जाते हैं और उससे शिवरात्रि के अवसर पर अपने गांवों और घरों के शिवालयों में भगवान शिव का अभिषेक करते हैं।
हर की पैड़ी सहित हरिद्वार के विभिन्न घाटों पर आजकल सुबह से ही बड़ी संख्या में कांवड़िए स्नान करते और गंगा जल भरते दिखायी दे रहे जिससे वहां का नजारा केसरिया रंग में रंगा हुआ नजर आ रहा है। उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि कांवड़ मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस, अर्धसैनिक बल, जल पुलिस, अभिसूचना, विशेष कार्यबल, राज्य आपदा प्रतिवादन बल, पीएसी और आतंकवाद निरोधी दल के 7000 से अधिक कार्मिकों को तैनात किया गया है।
उन्होंने बताया कि ड्रोन, सीसीटीवी और सोशल मीडिया की निगराानी के जरिए हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। कांवड़ यात्रा के निर्विघ्न संचालन के लिए उत्तराखंड सरकार ने सनातन धर्म की आड़ में लोगों को ठगने और उनकी भावनाओं से खिलवाड़ करने वाले छद्म भेषधारियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन कालनेमि’ शुरू कर दिया है। जिसके तहत फर्जी साधु संतों के भेष में बाबाओं की जांच की जा रही है और संदिग्ध पाने पर गिरफ्तार किये जा रहे हैं l
यात्रा आरंभ होने से एक दिन पहले शुरू किए गए इस ऑपरेशन के बारे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में कई ऐसे मामले सामने आए हैं जहां असामाजिक तत्व साधु-संतों का भेष धारण कर लोगों, विशेषकर महिलाओं को ठग रहे हैं । उन्होंने कहा, ‘‘इससे न सिर्फ लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं बल्कि सामाजिक सौहार्द और सनातन परंपरा की छवि को भी नुकसान पहुंच रहा है। ऐसे में किसी भी धर्म का व्यक्ति यदि ऐसे कृत्य करता हुआ मिलता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, प्रशासनिक सूत्रों ने यहां बताया कि इस बार करीब छह-सात करोड़ कांवड़ियों के आने की उम्मीद है जिसे देखते हुए सभी प्रकार के इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। उधर, उत्तर रेलवे ने भी कांवड़ मेला के दौरान कांवड़ियों के लिए विशेष रेलगाड़ियां चलाने के प्रबंध किए हैं ।
*कांवड़ यात्रा के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन नंबर जारी, सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम
*
हरिद्वार, कांवड़ मेले को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 91-9520625934 जारी किया है। इस नंबर पर श्रद्धालु किसी भी प्रकार की शिकायत या सुझाव 24×7 साझा कर सकते हैं। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि हर कॉल पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें एडीजी अभिसूचना एपी अंशुमान, आईजी यातायात एनएस नपच्याल, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित व एसएसपी डोबाल ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।
वी. मुरुगेशन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा एक संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण आयोजन है, जिसे पूर्ण सतर्कता और सामंजस्य के साथ सम्पन्न कराना है। उन्होंने कहा कि चार हजार पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है, जो प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखेंगे। अफवाहों को रोकने और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया गया है।
एडीजी अंशुमान ने कहा कि असामाजिक तत्वों की पहचान और निगरानी प्राथमिकता होगी। धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाले किसी भी कंटेंट पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


Recent Comments