महिला के घर से 90 हजार की नकदी और जेवर चोरी

0
554

काशीपुर(आरएनएस)। बीमार देवर को लेकर भाई के घर गई एक महिला के मकान की ममटी का शीशा तोड़कर चोरों ने 90 हजार रुपये की नकदी और करीब तीन तोले सोने के जेवर चोरी कर लिए। चोरी की घटना 8 मई को हुई। कुंडा पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूर्या चौकी क्षेत्र के ग्राम गंगापुर निवासी मीना पत्नी स्व. सुनील ने कहा है कि वह अपने देवर मनोज कुमार के साथ रहती है। देवर मनोज कुमार तबियत खराब होने के कारण 3 मई को वह अपने घर पर ताला लगाकर इलाज कराने के लिए अपने भाई संजय विज के घर आ गई। इस दौरान वह बीच-बीच में घर जाकर देखती रही। 8 मई को पड़ोस में चक्की चलाने वाले व्यक्ति ने उसके घर के अंदर खटपट की आवाजें सुनीं। उसने फोन कर उसे इस बारे में जानकारी दी। उसने घर आकर देखा तो ममटी का शीशा और मेन दरवाजा टूटा हुआ था। घर के अंदर सामान बिखरा पडा था। चोर कमरे की अलमारी में रखी 90 हजार रुपये की नकदी और सोने के जेवर आदि चोरी कर ले गए। सूचना पर पहुंचे सूर्या चौकी प्रभारी मनोज धौनी ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।